11 चरण में लगाई जाएंगी 65 हजार एलईडी स्ट्रीट लाइटें

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून। शहर के नए 32 वार्डों में 11 चरणों में 65 हजार नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। मेयर सुनील उनियाल गामा, नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय व इन 32 वार्ड के पार्षदों की मौजूदगी में लॉटरी के जरिये तय किया कि लाइटें पहले किन-किन वार्ड में लगेंगी। लॉटरी प्रक्रिया के बाद पार्षदों के बीच चल रही खींचतान भी खत्म हो गई। महापौर की ओर से कंपनी को अप्रैल तक सभी वार्ड में काम पूरा करने का अल्टीमेटम दिया गया। शहर के पुराने 68 वार्डों में एलईडी स्ट्रीट लाइटों का काम पूरा हो चुका है और अब नए 32 वार्डों में यह काम शुरू होगा। मगर काम शुरू होने से पहले ही पार्षदों में लाइट पहले लगाने को लेकर खींचतान होने लगी। हर पार्षद अपने वार्ड में लाइट पहले लगाने का दबाव कंपनी पर बनाने लगा तो कंपनी ने काम शुरू करने से पहले ही महापौर को अपनी व्यथा बताई। मेयर सुनील उनियाल गामा ने लाइट लगाने के शेड्यूल के लिए लॉटरी प्रक्रिया से वार्ड के चयन का फार्मूला निकाला था। 32 वार्डों के पार्षदों को बुलाया और सभा भवन में लॉटरी की प्रक्रिया से वार्डों का चयन किया गया। महापौर ने बताया कि 32 वार्ड पांच विधानसभा क्षेत्रों से ताल्लुक रखते हैं। इनमें मसूरी विस क्षेत्र के दो, सहसपुर के तीन, डोईवाला के सात, धर्मपुर के नौ जबकि रायपुर के 11 वार्ड हैं। लॉटरी प्रक्रिया में विधानसभा का भी ख्याल रखा गया। यानि, पहले चरण में सभी पांच विधानसभा क्षेत्र के वार्ड शामिल हुए और इसके बाद यह प्रक्रिया चलती रही। लॉटरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद तय हुआ कि कुल 11 चरण में लाइट लगाने का काम होगा। महापौर ने कहा कि सभी पार्षद धैर्य रखें। कोई भी वार्ड विकास कार्य से अछूता नहीं रहेगा।
मेयर सुनील उनियाल गामा ने बताया की संपूर्ण महानगर में लगने वाली 65,000 एलइडी लाइटों हेतु निष्पक्षता को सर्वोच्च वरीयता देते हुए लॉटरी सिस्टम के माध्यम से वार्डों में लाइट लगाने की चयन प्रक्रिया संपूर्ण हुई। संपूर्ण प्रक्रिया का मंतव्य स्पष्ट था कि बिना किसी भेदभाव के समस्त पार्षद गणों के सामने ही एलईडी लाइट लगाने वाले वार्डों का चयन हो सके। वर्ष 2021 में संपूर्ण देहरादून महानगर एलईडी लाइटों की रोशनी से जगमग हो, यह कार्य प्रतिबद्धता के साथ शीघ्र संपूर्ण होगा। इस दौरान निगम के प्रकाश अनुभाग के अधीक्षक रंजीत राणा भी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें -   दोस्ती का जश्न मातम में बदला: घर से मुस्कुराकर निकला हल्द्वानी का आदित्य, चांफी के गधेरे ने छीन ली माता-पिता की दुनिया
Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440