समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। जनपद में अवैध मादक पदार्थों एवं शराब की तस्करी और बिक्री की रोकथाम के तहत चलाए जा रहे अभियान के दौरान दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक चरस तस्कर और एक अवैध शराब विक्रेता को गिरफ्तार किया गया।
पहले मामले में खैरानी बिंदुखत्ता के पास देर रात संदिग्ध अवस्था में खड़ी एक स्कूटी (यूके04एसी6511) की जांच की गई। स्कूटी की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगाकर नंबर छिपाया गया था। संदेह होने पर डिक्की की तलाशी ली गई, जिसमें हेलमेट के भीतर रखे सफेद पॉलीबैग से 654.10 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
इस मामले में मनोज सिंह रावत पुत्र कुंवर सिंह रावत, निवासी बुरथिंग बिरथी, थाना नाचनी, जिला पिथौरागढ़, हाल निवासी महादेव कॉलोनी, आरटीओ रोड, थाना मुखानी, जनपद नैनीताल को चरस और स्कूटी सहित गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दूसरे मामले में मसल्स फैक्ट्री जिम के पास प्लॉट में खड़े ट्रकों के बीच अवैध रूप से शराब बेचने की तैयारी कर रहे संजय सिंह बिलवाल पुत्र कुंदन सिंह बिलवाल, निवासी बोढ़खत्ता, बिंदुखत्ता, लालकुआं को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से दो पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसमें 28 पव्वे इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की तथा 21 पव्वे मैकडॉवेल्स नं. 1 व्हिस्की सहित कुल 49 पव्वे अंग्रेजी शराब शामिल है।
आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



