आइए जानते हैं अंतरिक्ष योद्धा सुनीता विलियम्स के परिवार, पढ़ाई और कमाई के बारे में
समाचार सच, अध्यात्म डेस्क। समाचार सच, डेस्क। भारतीय मूल की नासा अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स इन दिनों चर्चा में हैं। नौ महीने बाद पृथ्वी पर लौटने के बाद उनकी पहली तस्वीरें सामने आ चुकी हैं। नासा ने पुष्टि की है कि चारों अंतरिक्ष यात्री सुरक्षित लौट आए हैं। फ्लोरिडा में स्प्लैशडाउन के बाद स्पेसएक्स ड्रैगन से सबसे पहले बाहर निकलने वाले अंतरिक्ष यात्री निक हेग थे, इसके बाद रूसी अंतरिक्ष यात्री, फिर बैरी विल्मोर, और अंत में सुनीता विलियम्स बाहर आईं।
पिछले साल जून में सुनीता आठ दिन के मिशन के लिए इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन गई थीं, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उन्हें वहां नौ महीने बिताने पड़े। इस दौरान दुनियाभर के लोग उनकी सुरक्षित वापसी की दुआएं करते रहे। सुनीता भारतीय मूल की हैं। उनके पिता दीपक पांड्या गुजरात के मेहसाणा जिले के झूलासन गांव के मूल निवासी थे और एक प्रसिद्ध न्यूरोएनाटोमिस्ट थे। उनकी मां उर्सुलाइन बोनी पांड्या स्लोवेनियाई मूल की अमेरिकी नागरिक हैं।
सुनीता के पति का नाम माइकल जे विलियम्स है, जो यूएस मार्शल के रूप में कार्यरत हैं। दोनों की मुलाकात 1987 में मैरीलैंड के एनापोलिस नौसेना अकादमी में हुई थी। शादी के बाद माइकल हमेशा सुनीता के मिशनों में उनका समर्थन करते आए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, माइकल हिंदू रीति-रिवाजों का सम्मान करते हैं। सुनीता अपने अंतरिक्ष मिशनों के दौरान श्रीमद्भागवद्गीता, ओम का प्रतीक, और भगवान शिव की पेंटिंग अपने साथ ले जा चुकी हैं।
सुनीता ने 1983 में नीधम हाई स्कूल से स्नातक किया और 1987 में यूएस नेवल एकेडमी से भौतिक विज्ञान में बैचलर ऑफ साइंस की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद 1995 में फ्लोरिडा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से इंजीनियरिंग मैनेजमेंट में मास्टर ऑफ साइंस किया। नासा में शामिल होने से पहले वह हेलीकॉप्टर पायलट थीं।
नासा के अनुभवी अंतरिक्ष यात्रियों में शामिल जीएस-15 कैटेगरी के तहत सुनीता विलियम्स की अनुमानित वार्षिक सैलरी $152,258 डॉलर (करीब 1.31 करोड़ रुपये) है। मार्का डॉट कॉम के अनुसार, उनकी अनुमानित कुल संपत्ति 5 मिलियन डॉलर बताई जाती है। सैलरी के अलावा, नासा के अंतरिक्ष यात्रियों को हेल्थ इंश्योरेंस, मिशन ट्रेनिंग, मनोवैज्ञानिक सहायता और यात्रा भत्ते जैसे अतिरिक्त लाभ भी मिलते हैं।
सुनीता विलियम्स ने न केवल भारत का नाम रोशन किया है बल्कि अंतरिक्ष में महिलाओं की भूमिका को और मजबूत किया है। उनकी उपलब्धियां नई पीढ़ी के युवाओं को प्रेरित करती रहेंगी।


सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440