श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब जी के प्रकाश पर्व पर सजा भव्य गुरमत समागम, प्रभात फेरी से लेकर संध्या दीवान तक भक्ति में सराबोर रही संगत

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानीI रिपोर्ट- नीरू भल्ला। सिखों के आठवें गुरु श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर रामपुर रोड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब जी महाराज में शुक्रवार को पूरे दिन धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला चली। सुबह श्रद्धा और उत्साह के साथ निकली प्रभात फेरी के बाद शाम को गुरुद्वारा साहिब में भव्य धार्मिक दीवान एवं गुरमत समागम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संगत ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया।

प्रातः 5 बजे निकली प्रभात फेरी गुरुद्वारा साहिब से रामपुर रोड की गली नंबर-8 एवं 9, विष्णुपुरी तथा बरेली रोड से होते हुए पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर प्रभात फेरी का स्वागत किया। शबदी जत्थों ने “दुख भंजन तेरा नाम जी” एवं “ठाकुर गाइये गाइये आत्म रंग” सहित विभिन्न गुरबाणी शबदों का गायन कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

शाम को गुरुद्वारा साहिब में आयोजित धार्मिक दीवान की शुरुआत रहरास साहिब के पाठ से हुई। इसके बाद हजूरी रागी भाई अमरजीत सिंह जी ने गुरबाणी कीर्तन की हाजिरी भरी। कार्यक्रम में बच्चों ने भी गुरबाणी शबद प्रस्तुत कर संगत का मन मोह लिया।

यह भी पढ़ें -   धामी कैबिनेट के बड़े फैसले: सामान्य वर्ग को भी मिलेगा गौ पालन योजना का लाभ, खेल विश्वविद्यालय समेत 15 प्रस्तावों पर लगी मुहर

विशेष रूप से मुंबई से पधारे प्रसिद्ध प्रचारक ज्ञानी अमरीक सिंह जी (बॉम्बे वाले) ने संगत को सिख इतिहास, गुरु परंपरा एवं गुरमत जीवन दर्शन पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए प्रेरणादायी विचार रखे। इसके उपरांत फिरोजपुर से आए प्रसिद्ध कीर्तन जत्थे के मुखी भाई भूपिंदर सिंह जी ने “तेरा किया मीठा लागे”, “मिल संगत धन-धन करो” सहित कई भावपूर्ण गुरबाणी शबदों का गायन कर संगत को भाव-विभोर कर दिया। पूरी संगत ने भी उनके साथ शबद गायन में सहभागिता कर गुरु दरबार का वातावरण भक्तिरस से सराबोर कर दिया।

यह भी पढ़ें -   बदरीनाथ धाम चढ़ावा घोटाले में बड़ा खुलासा: VIP दर्शन की आड़ में दान समेटता था आरोपी, तीसरी गिरफ्तारी से खुलीं कई परतें

कार्यक्रम के समापन पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने उपस्थित संगत एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने गुरु का अटूट लंगर ग्रहण कर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मुख्य सेवादार अमरीक सिंह ने बताया कि प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 8 अगस्त 2026 (शनिवार) को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक विशेष कीर्तन दरबार एवं गुरमत समागम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान गुरु का अटूट लंगर भी निरंतर चलता रहेगा।

धार्मिक आयोजनों को सफल बनाने में रंजीत सिंह, बलजीत सिंह, गुरबचन सिंह, हरविंद्र सिंह, सविंदरपाल सिंह, परमजीत सिंह, अमनपाल सिंह, त्रिलोचन सिंह, मनजीत सिंह, हरप्रीत सिंह, सतपाल सिंह, सुरिंदर सिंह, अश्मीत सिंह, कवलदीप सिंह, बिट्टू, गागन सहित अनेक सेवादारों एवं संगत ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

ADVERTISEMENTSAd

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440