समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं मानवता, प्रेम, समानता और भाईचारे का संदेश देने वाले साहिब श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर हल्द्वानी में धार्मिक उत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की ओर से 17 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों एवं भव्य गुरमत समागम का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया जाएगा। इस दौरान नगर के अलग-अलग गुरुद्वारों में प्रभात फेरियां निकलेंगी और महान कीर्तन दरबार के साथ गुरु के अटूट लंगर का आयोजन भी होगा।
प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 17 नवंबर से प्रभात फेरियों का शुभारंभ होगा। सभी प्रभात फेरियां प्रतिदिन सुबह 5 बजे से निकाली जाएंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 नवंबर को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, काठगोदाम से, 18 नवंबर को गुरुद्वारा श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब, रामपुर रोड गली नंबर-6 से, 19 नवंबर को गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब, राजेंद्र नगर से तथा 20 नवंबर को गुरुद्वारा चार साहिबजादे, कालाढूंगी रोड से प्रभात फेरी निकलेगी।
वहीं 21 नवंबर को गुरुद्वारा श्री गुरु नानक पुरा से प्रभात फेरी का आयोजन होगा। 22 नवंबर को प्रभात फेरी गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से प्रारंभ होकर वापस वहीं संपन्न होगी।
धार्मिक आयोजनों की कड़ी में 22 नवंबर को सुबह 8 बजे श्री अखंड पाठ साहिब का आरंभ होगा। इसकी समाप्ति एवं भोग 24 नवंबर को सुबह 8 बजे श्रद्धापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।
सोमवार, 23 नवंबर को रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में महान कीर्तन दरबार सजाया जाएगा। इस दौरान रागी जत्थों द्वारा गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से संगत को गुरु महाराज की शिक्षाओं और आध्यात्मिक विचारों से जोड़ा जाएगा।
प्रकाश पर्व के मुख्य आयोजन के तहत मंगलवार, 24 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक रामलीला मैदान में विशेष धार्मिक दीवान सजाया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। संगत के लिए गुरु का अटूट लंगर भी वितरित किया जाएगा। इसके अलावा रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में कीर्तन दीवान का आयोजन होगा।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य श्री गुरु नानक देव जी के प्रेम, मानवता, समानता, सेवा, सद्भाव और आपसी भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। कमेटी ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं संगत से परिवार सहित धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करने और सेवा-सिमरन में सहभागिता निभाने की अपील की है।
इस दौरान मुख्य सेवादार अमरजीत सिंह आनंद, सचिव कंवलजीत सिंह उप्पल, परमजीत सिंह कोहली, जलपाल सिंह चंडोक, जसपाल सिंह कोहली, मनमीन सिंह कोहली, अमनदीप सिंह आनंद, हरजीत सिंह सहित कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



