इन्द्रानगर क्षेत्र में बने दो जोन में नहीं आने-जाने की इजाजत
समाचार सच, हल्द्वानी। बीते देर रात से इन्द्रानगर क्षेत्र के बने कंटेनमेंट जोन उजाला नगर व इन्द्रानगर छोटी रोड को सील कर दिया गया है। इन क्षेत्रों में पुलिस का कड़ा पहरा है और किसी को भी क्षेत्र में आने-जाने की अनुमति नहीं है। साथ ही आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। नगर में पिछले दस दिनों के भीतर कोरोना संक्रमितों की संख्या में एकाएक इजाफा हुआ है। इससे सबसे अधिक बनभूलपुुुरा क्षेत्र प्रभावित रहा है। यहां इस अवधि में एक कोरोना संक्रमित बुजुर्ग की मौत हो चुकी है। जबकि उजाला नगर में आठ तो इन्द्रानगर छोटी रोड क्षेत्र में 13 संक्रमित पाये जा चुके हैं। जबकि लाइन नंबर एक में भी पॉजिटिव केस सामने आये हैं। इन क्षेत्रों में संक्रमण बढ़ने से लोग दहशत में हैं। साथ ही कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जिला प्रशासन ने बीती देर रात उजाला नगर व इन्द्रानगर छोटी रोड को कंटेनमेंट जोन बना दिया। क्षेत्रों के कंटेनमेंट जोन में आने के बाद यहां शुक्रवार की प्रातः से ही पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया और इन क्षेत्रों को सील कर दिया। पुलिस ने इन क्षेत्रों को जोड़ने वाले सभी मार्गों को बैरिकेटिंग लगाकर बंद कर दिया है। जबकि क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। किसी भी सख्श को न तो इन क्षेत्रों से बाहर आने दिया जा रहा है और न ही किसी बाहरी सख्श को यहां प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। जबकि इन क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस इन क्षेत्रों की कड़ी निगरानी कर रही है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


