समाचार सच, हल्द्वानी।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर हल्द्वानी में युवाओं ने सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की अनूठी मिसाल पेश की। वंदे मातरम् ग्रुप के तत्वावधान में Black Panther Gym, बिठौरिया में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें जिम के 31 सदस्यों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
शिविर का उद्देश्य सुशीला तिवारी अस्पताल में रक्त की उपलब्धता बढ़ाने के साथ जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग करना रहा। युवाओं ने रक्तदान को केवल सामाजिक सेवा ही नहीं, बल्कि किसी अनजान जरूरतमंद के जीवन को बचाने का माध्यम बताते हुए बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
रक्तदान को बनाया सेवा का संकल्प
आयोजक विक्रम मेहता और पुष्पेश पंत ने सभी रक्तदाताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि रक्तदान ऐसा पुनीत कार्य है, जिससे जरूरत के समय किसी व्यक्ति की जिंदगी बचाने में मदद मिल सकती है। युवाओं की इस पहल से समाज में नियमित रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश भी गया।
शिविर के दौरान युवाओं ने भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान करने और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए आगे आने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वंदे मातरम् ग्रुप की ओर से समाजसेवा और रक्तदान के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर प्रयासों की भी सराहना की गई।
रक्तदान शिविर में शैलेन्द्र सिंह दानू, गौरव पांडे, रजत बिष्ट, चेतना भट्ट, निकिता जोशी सहित अन्य सदस्यों ने सहभागिता की।31 यूनिट रक्तदान के साथ युवाओं ने गांधी और शास्त्री जयंती को सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी के संदेश से यादगार बना दिया।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



