
समाचार सच, हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित पंचायत घर चौराहे के पास एक निजी स्कूल से जुड़ा अतिक्रमण मामला अब नया मोड़ ले चुका है। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद जहां रास्ता बहाल हो गया, वहीं स्कूल संचालक पर स्थानीय लोगों के साथ दुर्व्यवहार और मामले को उजागर करने वाले पत्रकार पर दबाव बनाने के आरोप सामने आए हैं।
न्यू आदर्श कॉलोनी, बैलपोखरा क्षेत्र में स्थित करीब 15 फीट चौड़े पारंपरिक सार्वजनिक मार्ग पर स्कूल निर्माण के दौरान गेट लगाकर रास्ता बाधित किए जाने की शिकायत कॉलोनीवासियों ने जनता मिलन कार्यक्रम में कुमाऊं आयुक्त आईएएस दीपक रावत से की थी। मामले की सुनवाई के दौरान आयुक्त ने स्कूल संचालक को फटकार लगाते हुए तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
निर्देशों के अनुपालन में 31 मार्च 2026 को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए दोनों गेट हटाकर मार्ग को पुनः खोल दिया, जिससे लंबे समय से परेशान स्थानीय लोगों को राहत मिली।
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि स्कूल संचालक और उनके परिजनों द्वारा पूर्व में भी गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा। उनका यह भी कहना है कि यदि संचालक के पास वैध दस्तावेज होते, तो वे प्रशासन के सामने प्रस्तुत किए जा सकते थे।
इसी बीच, इस पूरे मामले को उजागर करने वाले स्वतंत्र पत्रकार संजय पाठक के खिलाफ कानूनी नोटिस और न्यायालय में केस दर्ज कराने की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। इसे कुछ लोग पत्रकारिता पर दबाव बनाने की कोशिश के रूप में देख रहे हैं।
स्थानीय लोगों का मानना है कि समय पर मामला सामने आने से ही सार्वजनिक मार्ग बहाल हो सका। वहीं, यह प्रकरण प्रशासनिक सख्ती, नागरिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता जैसे मुद्दों पर भी बहस को जन्म दे रहा है।
फिलहाल प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद रास्ता खुल चुका है, लेकिन पूरे घटनाक्रम ने कई अहम सवाल खड़े कर दिए हैंकृक्या जनहित के मुद्दे उठाना जोखिम भरा होता जा रहा है, या फिर ऐसे मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना ही आगे का रास्ता है?



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



