दोस्तों के साथ नहाने गया था पंतनगर का पवन, तेज बहाव में बहा; SDRF-NDRF की टीमों ने रातभर चलाया सर्च ऑपरेशन
समाचार सच, रुद्रपुर। शांतिपुरी नंबर-4 के समीप गौला नदी में दोस्तों के साथ नहाने पहुंचे 11वीं कक्षा के छात्र के लिए नदी का तेज बहाव काल बन गया। शनिवार सुबह नहाते समय अचानक पैर फिसलने से छात्र गहरे और तेज बहाव वाले पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीमों ने करीब 21 घंटे तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। रविवार सुबह करीब सात बजे छात्र का शव बरामद होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि पंतनगर टा कॉलोनी निवासी मुन्ना चौहान का पुत्र पवन अपने दोस्तों के साथ शनिवार सुबह करीब 10 बजे गौला नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह नदी के ऐसे हिस्से में पहुंच गया, जहां पानी का बहाव तेज था। अचानक पैर फिसलने के बाद वह गहरे पानी में चला गया और कुछ ही पलों में नदी में दिखाई देना बंद हो गया।
हादसे के बाद दोस्तों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी गई और तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें जीवनरक्षक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचीं और नदी में सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
गौला नदी में तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण राहत एवं बचाव दल के सामने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां बनी रहीं। टीमों ने नदी के भीतर के साथ-साथ किनारों और संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की। अंधेरा होने के बावजूद अभियान को जारी रखा गया और रविवार सुबह तक खोजबीन चलती रही।
पंतनगर थानाध्यक्ष नंदन रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही और रेस्क्यू अभियान में सहयोग करती रही। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अभियान की लगातार निगरानी की। दूसरी ओर छात्र के परिजन और स्थानीय लोग नदी किनारे डटे रहे और उसके सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए रहे।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने छात्र के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अधिकारियों से रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली। उन्होंने छात्र की तलाश में हरसंभव प्रयास करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
किच्छा के उप जिलाधिकारी गौरव पांडे ने बताया कि एसडीआरएफ और प्रशासन की संयुक्त टीमों ने छात्र की तलाश में लगातार अभियान चलाया। शनिवार को हादसा होने के बाद से ही नदी में खोजबीन जारी थी। रविवार सुबह करीब 7 बजे छात्र का शव बरामद कर लिया गया।
शव मिलने की सूचना के बाद परिवार की आखिरी उम्मीद भी टूट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बारिश के मौसम में गौला नदी से दूर रहें
यह हादसा एक बार फिर बारिश के मौसम में नदियों के तेज बहाव को लेकर चेतावनी देता है। नदी का पानी सामान्य दिखाई देने के बावजूद अचानक गहराई और बहाव खतरनाक हो सकता है। खासकर युवाओं और बच्चों को नदी में नहाने या पानी के तेज बहाव वाले हिस्सों में जाने से बचना चाहिए।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



