समाचार सच, हल्द्वानी। नगर में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। जिसके चलते यहां इन्द्रानगर के दो क्षेत्र में कंटेनमेंट जोन तक बनाये गये हैं। पॉजिटिवों को क्वारेंटाइन सेंटरों में रखा जा रहा है। साथ ही पुलिस को इनकी निगरानी में भी लगाया गया है। इसके बावजूद क्वारेंटाइन किए गए लोग बेधड़क सड़कों में घूम रहे हैं। जिससे नगर में कोरोना संक्रमण और अधिक फैलने की संभावना बढ़ गई है। कार्यवाही के नाम पर पुलिस मुकदमे दर्ज कर कर्तव्य की इतिश्री कर रही है।
ज्ञात हो कि नगर में पिछले कुछ दिनों के भीतर कोरोना संक्रमण तेजी से फैला है। बनभूलपुरा के उजाला नगर व इन्द्रानगर छोटी रोड क्षेत्र में ही 21 लोग संक्रमित पाए गए हैं। जबकि इसी क्षेत्र के लाइन नंबर एक में एक बुजुर्ग की कोरोना के चलते मौत हो चुकी है। यहां भी इस बुजुर्ग के परिवारजनों के अलावा कई संक्रमित भी पाए गए हैं। संक्रमितों को संस्थागत के अलावा होम क्वारेंटाइन किया गया है। बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए उजाला नगर व इन्द्रानगर छोटी रोड को कंटेनमेंट जोन घोषित कर यहां सख्ती बरतने की बात कही जा रही है। बावजूद इसके यहां नियम-कायदों का पालन होता नहीं दिख रहा है। दरअसल इन्द्रानगर के रहने वाले एक व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर प्रशासन ने उसे होम क्वारंटीन तो कर दिया, लेकिन इसके बाद उसकी निगरानी करना मुनासिब नहीं समझा। जिसके चलते यह सख्श ने क्वारेंटाइन के नियम तोड़ दिए और घर से निकल कर सड़कों में घूमना शुरू कर दिया। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो हरकत शुरू हो गई। पुलिस ने इस सख्श की तलाश की और कार्यवाही के नाम पर उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कर्तव्य की इतिश्री कर ली गई। क्षेत्र में चर्चा है कि होम क्वारेंटाइन किया गया यह सख्श काफी समय तक घर से बाहर रहा और सड़कों में घूमता दिखाई दिया। बावजूद इसके पुलिस-प्रशासन ने उसके संपर्क में आये लोगों की हिस्ट्री खंगालना तक मुनासिब नहीं समझा। जिसके चलते नगर में कोरोना संक्रमण के और अधिक फैलने की संभावनाएं बढ़ गई हैं।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


