समाचार सच, हल्द्वानी। चित्रशिला घाट स्थित चित्रेश्वर धाम में शनिवार को हुए विवाद ने अब कानूनी रूप ले लिया है। पुलिस ने इस मामले में पहाड़ी आर्मी के 49 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। कार्रवाई श्री शनिदेव महाराज एवं नवग्रह मंदिर चित्रशिला धाम रानीबाग समिति के संस्थापक हेमंत कुमार गुप्ता की तहरीर के आधार पर की गई है।
मामले में पहाड़ी आर्मी के संस्थापक हरीश रावत समेत रमेश चंद्र मनराल, मनोहर मनराल, चंदन मनराल, सुभाष कांडपाल, कविता जीना और प्रेम मेर को नामजद किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने मंदिर परिसर में पहुंचकर हंगामा किया और मंदिर की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
तहरीर के मुताबिक, शनिवार दोपहर शनि देव मंदिर में भंडारे की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान हरीश रावत अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते हंगामा शुरू हो गया। इस दौरान वितरण स्थल पर रखे बर्तनों को भी फेंका गया, जिससे कुछ लोगों के चोटिल होने की बात कही गई है।
शिकायतकर्ता ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों और अन्य लोगों को जानबूझकर चोट पहुंचाने का भी आरोप लगाया है।
वहीं, एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की भी जांच की जा रही है। वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
अब पुलिस की जांच में यह सामने आना बाकी है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और मौके पर वास्तव में क्या हुआ था।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



