राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दुग्ध संघ के कार्यों को सराहा, महापौर गजराज बिष्ट ने हल्द्वानी में आंचल मिल्क पार्लर खोलने का दिया आश्वासन
समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। (अजय सिंह चौहान)
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड लालकुआं के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित अधिवेशन में वित्तीय वर्ष के लिए 295 करोड़ 52 लाख रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। वहीं आगामी फरवरी माह से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि करने की घोषणा कर जिले के हजारों दुग्ध उत्पादक परिवारों को बड़ी सौगात दी गई। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों, समिति सचिवों, दुग्ध विक्रेताओं और कर्मचारियों को कुल 6 लाख 50 हजार 850 रुपये की पुरस्कार राशि चेक के माध्यम से वितरित कर सम्मानित किया गया।
राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने की दुग्ध संघ और मुकेश बोरा के प्रयासों की सराहना
शनिवार को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ मुख्य अतिथि नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में नैनीताल दुग्ध संघ की कार्यप्रणाली और पशुपालकों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। दुग्ध व्यवसाय से हजारों परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। ऐसे में दुग्ध उत्पादकों को उचित मूल्य, बेहतर सुविधाएं और समय पर प्रोत्साहन मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने अध्यक्ष मुकेश बोरा एवं दुग्ध संघ की टीम द्वारा संस्था को आगे बढ़ाने और पशुपालकों के हित में लिए जा रहे निर्णयों की सराहना करते हुए कहा कि सहकारिता की भावना से किए जाने वाले प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महापौर गजराज बिष्ट ने की दुग्ध संघ के कार्यों की सराहना, आंचल मिल्क पार्लर खोलने का आश्वासन
विशिष्ट अतिथि हल्द्वानी महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने दुग्ध संघ द्वारा गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आंचल ब्रांड उत्तराखंड की पहचान है और इसके उत्पादों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में शीघ्र ही आंचल मिल्क पार्लर खोलने के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। इससे शहरवासियों को गुणवत्तापूर्ण दुग्ध एवं दुग्ध उत्पाद उपलब्ध होने के साथ ही आंचल ब्रांड को भी नई पहचान मिलेगी।
फरवरी से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये की बढ़ोतरी, 34 हजार परिवारों को मिलेगा लाभ
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने अधिवेशन को संबोधित करते हुए दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के दिशा-निर्देशों का उल्लेख किया। उन्होंने घोषणा की कि आगामी फरवरी माह से दुग्ध उत्पादकों से खरीदे जाने वाले दूध के मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की जाएगी। उन्होंने कहा कि नैनीताल दुग्ध संघ से करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवार जुड़े हैं। इन परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और उन्हें दुग्ध व्यवसाय के माध्यम से बेहतर आजीविका उपलब्ध कराना संघ की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ लगातार उत्पादन बढ़ाने, समितियों को मजबूत करने, पशुपालकों को प्रोत्साहित करने और आंचल ब्रांड के विस्तार की दिशा में काम कर रहा है। पशुपालकों के विश्वास और सहयोग से ही संस्था निरंतर प्रगति कर रही है।
295 करोड़ 52 लाख रुपये का बजट पारित, 710 दुग्ध समितियों की रही भागीदारी
अधिवेशन में दुग्ध संघ का 295 करोड़ 52 लाख रुपये का बजट पारित किया गया। इस दौरान संघ से जुड़ी 710 दुग्ध समितियों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों का प्रतिनिधित्व करने वाले इस अधिवेशन में दुग्ध व्यवसाय के विकास, पशुपालकों के हितों और संस्था की भावी योजनाओं पर चर्चा की गई।
उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादकों को 6.50 लाख रुपये से अधिक के पुरस्कार
अधिवेशन के दौरान उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादकों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मैदानी क्षेत्र महिला वर्ग में प्रभपाल सिंह को प्रथम पुरस्कार के रूप में 31 हजार रुपये, हिमानी बिष्ट को 25 हजार, पुष्पा बिष्ट को 21 हजार और दीपा बिष्ट को 17 हजार रुपये प्रदान किए गए। पर्वतीय क्षेत्र महिला वर्ग में कमला देवी को 25 हजार, गंगा देवी को 21 हजार और पुष्पा जोशी को 17 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।
पुरुष वर्ग के मैदानी क्षेत्र में कृपाल सिंह को 25 हजार, जगपाल सिंह को 21 हजार और स्नेहपाल सिंह को 17 हजार रुपये प्रदान किए गए। वहीं पर्वतीय क्षेत्र में चिंतामणि को 25 हजार, श्याम नारायण को 21 हजार तथा कृपाल सिंह को 17 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा आठ विकासखंडों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दुग्ध उत्पादकों को भी पुरस्कृत किया गया। बिंदुखत्ता क्षेत्र के नौ पुरुष और नौ महिला दुग्ध उत्पादकों सहित कुल 31 उत्पादकों को 3 लाख 74 हजार 850 रुपये के चेक वितरित किए गए। वहीं मैदानी एवं पर्वतीय क्षेत्रों के दस समिति सचिवों और 15 दुग्ध विक्रेताओं को 2 लाख 76 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। संस्था के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनुभागाध्यक्षों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
प्रशासन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी के कार्यों को सराहा, किया सम्मानित
कार्यक्रम का सफल संचालन दुग्ध संघ के प्रशासन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। इस दौरान प्रशासनिक व्यवस्थाओं एवं संस्था के कार्यों में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बिष्ट, राज्यमंत्री रेनू अधिकारी, राज्यमंत्री मोहन पाठक, पूर्व विधायक नवीन दुमका, प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, दुग्ध विकास विभाग उत्तराखंड के निबंधक/निदेशक बीएस चलाल, उपनिदेशक संजय उपाध्याय, देहरादून दुग्ध संघ अध्यक्ष ठाकुर भूमि सिंह, यूसीडीएफ सामान्य प्रबंधक आरएम तिवारी, उप सामान्य प्रबंधक पीएंडआई पीएस नागपाल, प्रबंधक पीएस नगरकोटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार शर्मा, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल एवं थान सिंह बिष्ट सहित दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, सुरेश चंद्र, खलील अहमद सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



