समाचार सच, हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। अब विश्वविद्यालय में ऑनलाइन प्रवेश लेते समय छात्रों को निर्धारित प्रवेश शुल्क के अलावा किसी भी प्रकार का अतिरिक्त पेमेंट या कन्वीनियंस चार्ज नहीं देना होगा। यह नई व्यवस्था विश्वविद्यालय और पंजाब नेशनल बैंक (रेलवे बाजार शाखा, हल्द्वानी) के संयुक्त प्रयास से लागू की गई है।
अब छात्र-छात्राएं क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग, यूपीआई समेत विभिन्न डिजिटल माध्यमों से बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के प्रवेश फीस जमा कर सकेंगे। इससे पहले ऑनलाइन भुगतान के दौरान विद्यार्थियों को अतिरिक्त चार्ज देना पड़ता था, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ता था।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, पंजाब नेशनल बैंक ने अपने तकनीकी सहयोग के माध्यम से नया पेमेंट गेटवे उपलब्ध कराया है। इस नई व्यवस्था के जरिए अब तक दो लाख रुपये से अधिक की प्रवेश शुल्क राशि सफलतापूर्वक जमा भी हो चुकी है।
कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि विश्वविद्यालय हमेशा छात्र हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उन्होंने बताया कि कार्यभार संभालने के बाद ऑनलाइन भुगतान पर अतिरिक्त शुल्क की शिकायतें सामने आई थीं, जिनका स्थायी समाधान अब कर दिया गया है। उनका कहना है कि इस फैसले से विद्यार्थियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ समाप्त होगा और विश्वविद्यालय की डिजिटल व्यवस्था अधिक पारदर्शी, सरल एवं छात्र-केंद्रित बनेगी।
प्रवेश प्रभारी डॉ. सुमित प्रसाद ने बताया कि वर्तमान ग्रीष्मकालीन प्रवेश सत्र में अब तक 9,500 से अधिक विद्यार्थी प्रवेश ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही परीक्षा संबंधी विभिन्न शुल्कों का ऑनलाइन भुगतान भी इसी पीएनबी पेमेंट गेटवे से कराया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को और अधिक सुविधा मिलेगी।
वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. गिरिजा पाण्डेय ने इस पहल को विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे डिजिटल भुगतान प्रणाली के प्रति छात्रों का भरोसा और मजबूत होगा। वहीं पंजाब नेशनल बैंक की शाखा प्रबंधक श्रीमती बबीता कांडपाल ने कहा कि बैंक विद्यार्थियों को सुरक्षित, सरल और अतिरिक्त शुल्क मुक्त डिजिटल भुगतान सुविधा उपलब्ध कराकर प्रसन्न है तथा भविष्य में भी विश्वविद्यालय के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े कार्यों में सहयोग जारी रखेगा।
बैठक के दौरान पंजाब नेशनल बैंक की ओर से विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो ‘हैलो हल्द्वानी’ को उसकी कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए Samsung Galaxy S25 स्मार्टफोन भी भेंट किया गया। अंत में कुलसचिव खेमराज भट्ट ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल को छात्र हित में ऐतिहासिक कदम बताया।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



