समाचार सच, नैनीताल। भवाली व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष नरेश पांडे से जुड़े चर्चित दुष्कर्म प्रकरण की जांच में शुक्रवार को नया मोड़ सामने आया। मामले में सबसे पहले शिकायत दर्ज कराने वाली युवती को नैनीताल पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया और मल्लीताल कोतवाली में उससे कई घंटे तक गहन पूछताछ की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान सामने आए तथ्यों, उपलब्ध साक्ष्यों और विभिन्न पक्षों के बयानों का मिलान किया जा रहा है। इसी प्रक्रिया के तहत युवती से कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत पूछताछ की गई। फिलहाल पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि युवती के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज किया गया है या उससे केवल जांच के सिलसिले में पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि इसी युवती की शिकायत पर भवाली व्यापार मंडल के तत्कालीन अध्यक्ष नरेश पांडे के खिलाफ शारीरिक शोषण, दबाव बनाकर गर्भपात कराने और धमकी देने सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामला सामने आने के बाद पूरे कुमाऊं में इसकी व्यापक चर्चा हुई थी।
जांच के दौरान एक अन्य युवती ने भी नरेश पांडे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने नरेश पांडे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
अब पहली शिकायतकर्ता युवती से हुई पूछताछ के बाद इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच नए चरण में पहुंच गई है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों का निष्पक्ष परीक्षण किया जा रहा है और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मामले में संबंधित युवती को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अगली कार्रवाई पर अब सभी की निगाहें टिकी हैं, क्योंकि जांच में सामने आने वाले नए तथ्यों के आधार पर मामले में आगे महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



