समाचार सच, देहरादून डेस्क। उत्तराखंड भाजपा ने आगामी दिनों की संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर गढ़वाल मंडल में अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। देहरादून में शनिवार को भाजपा की गढ़वाल मंडल स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मंडल और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ संगठन की मौजूदा स्थिति और आगे की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया जा रहा है। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट भी मौजूद रहे।
रेसकोर्स चौक स्थित अतिथि सामुदायिक भवन में आयोजित बैठक में गढ़वाल मंडल के विभिन्न जिलों से जिला अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों ने हिस्सा लिया। बैठक को पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर आधारित संगठन है और पार्टी की मजबूती का आधार उसका जमीनी नेटवर्क है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने में संगठन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय से जनता से जुड़े मुद्दों को समझने और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी तरीके से काम किया जा सकता है। जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों से संवाद के दौरान स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं, सुझावों और जनभावनाओं की जानकारी भी मिलती है।
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बैठक को संगठन की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने जिला एवं मंडल पदाधिकारियों से संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी लेने के साथ आने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की।
बूथ स्तर तक संगठन को धार देने पर जोर
बैठक में पार्टी की गतिविधियों को जिला और मंडल स्तर पर अधिक प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने को लेकर चर्चा की जा रही है। इसके अलावा सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी विचार किया जा रहा है।
भाजपा नेतृत्व का फोकस जमीनी संगठन को लगातार सक्रिय बनाए रखने पर है। ऐसे में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में जिला एवं मंडल पदाधिकारियों के साथ हो रहा सीधा संवाद पार्टी की आगामी रणनीति के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक में गढ़वाल मंडल से जुड़े विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर पदाधिकारियों से फीडबैक लिया जा रहा है। माना जा रहा है कि बैठक के निष्कर्षों के आधार पर आने वाले समय में पार्टी की गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यक्रमों को नई दिशा दी जाएगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



