कलसिया पुल निर्माण में बाधा बने अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, मानसून से पहले काम पूरा करने का लक्ष्य

खबर शेयर करें

प्रशासन-नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई, स्थायी पुल निर्माण के लिए हटाए गए अवैध निर्माण

समाचार सच, हल्द्वानी। काठगोदाम स्थित कलसिया पुल के निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य को गति देने के लिए सोमवार को प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त अभियान चलाकर पुल के आसपास किए गए अतिक्रमण को हटाया। जेसीबी मशीनों की मदद से की गई इस कार्रवाई का नेतृत्व सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने किया। प्रशासन का कहना है कि मानसून शुरू होने से पहले पुल निर्माण कार्य को पूरा करना प्राथमिकता है।

कलसिया पुल के स्थायी निर्माण की दिशा में यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और पूरे कार्य की निगरानी करते रहे। प्रशासन के अनुसार पुल के आसपास किए गए अवैध निर्माण निर्माण कार्य में बाधा बन रहे थे, जिन्हें हटाना आवश्यक था।

गौरतलब है कि कुछ वर्ष पूर्व भारी बारिश के चलते कलसिया नाले पर बना पुराना पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अस्थायी बेली ब्रिज का निर्माण किया गया था। अब शासन से स्थायी और आधुनिक पुल के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत होने के बाद निर्माण प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

यह भी पढ़ें -   “मेरी और मेरे बच्चों की जान को खतरा”, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश का बड़ा दावा; बोले- न्याय नहीं मिला तो गैरसैंण में करूंगा आत्मदाह

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि पुल निर्माण के लिए पहले वैकल्पिक मार्ग और पुल की व्यवस्था की जानी है। इसके लिए आसपास के अतिक्रमण को हटाना जरूरी था। उन्होंने कहा कि अतिक्रमणकारियों को पूर्व में नोटिस जारी कर स्वयं निर्माण हटाने का अवसर दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके चलते प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी।

यह भी पढ़ें -   अंकिता भंडारी हत्याकांड: न्याय की मांग को लेकर दिल्ली में आधी रात तक प्रदर्शन, सुबह 4 बजे माता-पिता हिरासत में; पिता ने दी देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

वर्तमान में कुमाऊं क्षेत्र की यातायात व्यवस्था अस्थायी बेली ब्रिज के माध्यम से संचालित हो रही है। कलसिया पुल कुमाऊं मंडल के छह जिलों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। अधिकारियों का कहना है कि स्थायी और चौड़े पुल के निर्माण से यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित और सुगम होगी।

नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि पुल निर्माण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि नोटिस अवधि समाप्त होने के बाद ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। प्रशासन का लक्ष्य मानसून से पहले निर्माण कार्य पूरा कर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440