समाचार सच, देहरादून। बीस सूत्री कार्यक्रम वर्ष 2019-20 की रिपोर्ट जारी हो चुकी है। जिसमें चंपावत जिले को पहला स्थान मिला है। जबकि हरिद्वार को दूसरा व पिथौरागढ़ को तीसरा स्थान मिला है। इस पर बीस सूत्रीय कार्यक्रम एवं क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष नरेश बंसल ने इन जिलों को बधाई दी है। बीस सूत्री कार्यक्रम के राज्य स्तरीय उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री स्तर) नरेश बंसल ने बीस सूत्री कार्यक्रम में वर्ष 2019-20 में प्रबोधित रैकिंग कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए बताया कि बीस सूत्री कार्यक्रम एक वृहद कार्यक्रम है। 25 मानक मदों के अनुसार विभाग द्वारा प्रकाशित किए गए रिपोर्ट के अनुसार जनपद चम्पावत प्रथम, जनपद हरिद्वार द्वितीय तथा जनपद पिथौरागढ़ तृतीय स्थान पर रहा है। इन जनपदों के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी व कार्यक्रम से संबन्धित नोडल अधिकारियों के द्वारा किए गए अथक प्रयास के लिए उपाध्यक्ष ने बधाई दी है। साथ ही इन जनपदों के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी व मण्डलायुक्तों को प्रशस्ति पत्र देने के निर्देश दिए हैं। यद्यपि समग्र रूप से राज्य द्वारा 17 मदों में शत् प्रतिशत लक्ष्यों को प्राप्त कर ‘ए’ श्रेणी प्राप्त की है तथा 8 मदों में ‘बी’ श्रेणी प्राप्त की है। बीस सूत्री कार्यक्रम में जिन जनपदों का प्रदर्शन वित्तीय वर्ष में मानक के अनुसार नहीं रहा उनको भी आगामी वर्ष में शत् प्रतिशत मदों में ‘ए’ श्रेणी में लाने का अथक प्रयास करने के निर्देश दिए गए।

https://www.edumount.org/



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


