समाचार सच, हल्द्वानी। राज्य सरकार प्रवासियों से लेकर बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवा रही है। प्रदेश मुखिया त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कोविड-19 काल में हर क्षेत्र के युवाओं को रोजगार से जोड़ने की बड़ी पहल की है।
उक्त बात शुक्रवार को सर्किट हाउस में शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के माध्यम से हर क्षेत्र के युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान किये जा रहे हैं। इसमें शैक्षिक योग्यता की बाध्यता को भी समाप्त कर दिया गया है। राज्य के युवा सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अपनी भूमि या फिर लीज में भूमि लेकर स्वरोजगार के उद्यम स्थापित कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने पर्यटन उद्योग से जुड़े कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। पर्यटन से जुड़े कर्मचारियों के लिए 28 हजार करोड़ रुपये का पैकेज मुहैया कराया गया है। इसके तहत हर कर्मचारी के खाते में एक हजार रुपये डाले जा रहे हैं। कोरोना के चलते छोटे रोजगार से जुड़े ठेली व फड़ कारोबारी सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। उन्हें रोजगार से जोड़ने के लिए बहुत कम ब्याज दर में सब्सिडी के साथ 10 हजार तक का ऋण दिया जा रहा है।
उन्होंने दावा करते हुए कहा कि विस चुनाव से पहले हल्द्वानी में आईएसबीटी का निर्माण शुरू कर दिया जायेगा। इसकेे निर्माण के लिए भूमि की मंजूरी को लेकर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। केन्द्रीय पर्यावरण मंत्रालय से हरी झंडी मिलते ही आईएसबीटी का निर्माण शुरू करवा दिया जायेगा। साथ ही उन्होंने हल्द्वानी, हरिद्वार व रूद्रपुर में रिंग रोड का निर्माण कराना आवश्यक बताते हुए कहा कि इन तीनो योजनाओं पर बजट के लिये केन्द्र से वार्ता हो रही है और बजट स्वीकृत होने के उपरान्त इन रिंग रोड का निर्माण कार्य भी शुरू करवा दिया जायेगा।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


