चोरगलिया शेर नाला अब नहीं रोकेगा रास्ता! CM धामी ने 9.93 करोड़ के पुल का किया लोकार्पण, चोरगलिया के लोगों को मिली बड़ी राहत

खबर शेयर करें

मानसून में उफनते नाले से वर्षों से जूझ रहे थे लोग, 120 मीटर डबल लेन पुल से हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर आवागमन होगा सुगम

समाचार सच, हल्द्वानी। रिपोर्ट- अजय सिंह चौहान
मानसून में उफनता शेर नाला अब चोरगलिया क्षेत्र के लोगों की राह नहीं रोकेगा। रविवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर 9.93 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया। पुल के शुरू होने से बारिश के दौरान आवागमन बाधित होने की वर्षों पुरानी समस्या से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री धामी रविवार को हल्द्वानी दौरे पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया में क्षेत्रीय जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने सड़क, पानी, बिजली, आवागमन समेत विभिन्न स्थानीय समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि आम लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को जनता की शिकायतों का समयबद्ध और गंभीरता से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें -   बीपीएल शिक्षा प्रयास समिति में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम भी जाना और सरकार की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी ली।

उफनता था शेर नाला, अब बारिश में नहीं थमेगी रफ्तार
शेर नाला लंबे समय से क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ था। मानसून के दौरान भारी बारिश होने पर नाला उफान पर आ जाता था, जिससे हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो जाता था। कई बार लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक और लंबा रास्ता अपनाना पड़ता था।

अब 120 मीटर लंबे डबल लेन आरसीसी पुल के निर्माण से इस समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद जगी है। पुल से स्थानीय ग्रामीणों के साथ इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और पर्यटकों को भी राहत मिलेगी। क्षेत्रीय लोगों ने पुल के लोकार्पण पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।

यह भी पढ़ें -   त्यूणी में 200 मीटर गहरी खाई में गिरी पिकअप, एक की मौत, एक गंभीर घायल; चालक की तलाश

विकास कार्यों को लेकर सरकार की प्राथमिकता स्पष्ट : धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर कनेक्टिविटी पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। मजबूत सड़क और पुल जैसी आधारभूत सुविधाएं न केवल आवागमन आसान करती हैं, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और पर्यटन विकास को भी गति देती हैं।

मुख्यमंत्री के स्वागत में पहुंचे जनप्रतिनिधि और अधिकारी
मुख्यमंत्री के हल्द्वानी पहुंचने पर हैलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTSAd Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440