मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान में प्रशासन की पहल, खुद दस्तावेज जमा कर अधिकारियों ने दिया जागरूकता का संदेश
समाचार सच, हल्द्वानी। रिपोर्ट- अजय सिंह चौहान
मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत अब प्रशासनिक अधिकारी भी आम नागरिकों के बीच जाकर उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। इसी कड़ी में सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी ने स्वयं मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मतदाता पहचान संबंधी विवरण में दर्ज त्रुटि का संशोधन कराया और लोगों से भी समय रहते अपने रिकॉर्ड की जांच करने की अपील की।
महिला डिग्री कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने बीएलओ के समक्ष निर्धारित प्रपत्र और आवश्यक दस्तावेज जमा किए। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में उनके पिता के नाम में त्रुटि दर्ज हो गई थी, जिसे निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संशोधित कराया जा रहा है।
सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव एक सही और विश्वसनीय मतदाता सूची होती है। यदि मतदाता सूची में नाम, पता, आयु, पिता या पति का नाम अथवा अन्य किसी प्रकार की त्रुटि है, तो नागरिकों को बिना किसी भ्रम के अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर बीएलओ से संपर्क करना चाहिए और आवश्यक दस्तावेज जमा कर समय रहते सुधार कराना चाहिए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का सही और अद्यतन विवरण दर्ज करना है, ताकि मतदान के दौरान किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए प्रशासन और निर्वाचन विभाग लगातार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चला रहा है।
सिटी मजिस्ट्रेट ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यह केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रत्येक मतदाता की लोकतांत्रिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि आज की छोटी-सी लापरवाही भविष्य में मतदान के अधिकार के उपयोग में बड़ी बाधा बन सकती है, इसलिए सभी लोग अपने नाम और अन्य विवरणों का सत्यापन कर आवश्यक संशोधन अवश्य कराएं।
सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी ने कहा कि उन्होंने भी अपने मतदाता विवरण में दर्ज त्रुटि को सुधारने के लिए उसी प्रक्रिया का पालन किया, जो प्रत्येक नागरिक के लिए निर्धारित है। मेरा सभी मतदाताओं से आग्रह है कि यदि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गलती दिखाई दे तो उसे नजरअंदाज न करें। समय रहते सुधार कराने से मतदान के दिन किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी और हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था भी और अधिक मजबूत बनेगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



