समाचार सच, हल्द्वानी। रिपोर्ट- अजय सिंह चौहान।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए ₹53.72 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इनमें नैनीताल जिले के रामनगर में सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने से लेकर राजस्व अभिलेखागारों के आधुनिकीकरण और धार्मिक एवं सैनिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।
सबसे बड़ी स्वीकृति रामनगर शहर की सीवरेज योजना के लिए दी गई है। जोन-1 के अंतर्गत मौजूदा 7 एमएलडी सीवेज शोधन संयंत्र के ट्रंक एवं शाखा सीवर निर्माण कार्य के लिए ₹42.75 करोड़ मंजूर किए गए हैं। इससे रामनगर में सीवरेज व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा प्रदेश के राजस्व कार्यालयों, राजस्व परिषद, मंडलायुक्त कार्यालय और जिला कार्यालयों में स्थित राजस्व अभिलेखागारों के आधुनिकीकरण के लिए ₹10 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
चमोली जिले के कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के रानीगढ़ (देवल) स्थित मां आदिशक्ति देवराड़ी देवी पौराणिक मंदिर के सौंदर्यीकरण और प्रांगण विस्तार के लिए ₹98.28 लाख के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में ₹58.968 लाख जारी करने को मंजूरी दी गई है।
वहीं देहरादून में राज्य स्तरीय सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के लिए ₹142.89 लाख की स्वीकृत राशि के सापेक्ष शेष ₹39 लाख की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के नाम पर होगा राज्य मार्ग
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी गढ़वाल जिले के लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के नैनीडांडा विकासखंड में स्थित स्वर्गीय जगमोहन सिंह नेगी राज्य मार्ग (लक्ष्मणझूला-दुगड्डा-रथुवाड़ाब-धुमाकोट) का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय श्री अवतार सिंह के नाम पर किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की है।
सरकार के इन फैसलों से जहां रामनगर की सीवरेज व्यवस्था और राजस्व अभिलेखों के आधुनिकीकरण को गति मिलेगी, वहीं धार्मिक स्थलों, सैनिक सुविधाओं और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान से जुड़े कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



