
समाचार सच, हल्द्वानी। वुडलैंड्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हिम्मतपुर तल्ला में मदर्स डे के उपलक्ष्य में भव्य एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किंडरगार्टन से कक्षा दो तक के बच्चों ने गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मां के प्रेम, त्याग और स्नेह को खूबसूरती से प्रस्तुत किया। नन्हे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित माताओं और अभिभावकों को भावुक कर दिया तथा पूरा वातावरण मातृत्व के भाव से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी की बाल रोग विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ऋतु रखोलिया रहीं। उन्होंने “स्वस्थ मां, स्वस्थ परिवार” विषय पर अभिभावकों को संबोधित करते हुए बच्चों के बेहतर शारीरिक और मानसिक विकास, संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और सकारात्मक परवरिश से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। कार्यक्रम में आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में अभिभावकों ने बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी सवाल पूछे, जिनका डॉ. रखोलिया ने सरल एवं उपयोगी सुझावों के साथ समाधान किया।
इस अवसर पर पार्षद चंद्र प्रकाश एवं डॉ. ऋतु रखोलिया द्वारा विद्यालय के बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में पुस्तक मेले का आयोजन आकर्षण का केंद्र रहा, जहां बच्चों और अभिभावकों ने स्टोरी बुक्स, पौराणिक कथाओं, मिथोलॉजी एवं उपन्यासों में विशेष रुचि दिखाई।
अभिभावकों ने विद्यालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यालय की संस्कारयुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था की प्रशंसा की। इस मौके पर विद्यालय की व्यवस्थापिका श्रीमती रंजना धौनी, अकादमिक निदेशिका श्रीमती लता खोलिया, प्रधानाध्यापिका श्रीमती मनदीप कौर, बोर्ड कोऑर्डिनेटर श्रीमती पूनम जोशी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



