हल्द्वानी से कांग्रेस का चुनावी बिगुल! खड़गे की जनसभा आज, 20 हजार से अधिक भीड़ जुटने का दावा

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। उत्तराखंड की राजनीति का केंद्र शनिवार को हल्द्वानी बनने जा रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रस्तावित विशाल जनसभा को लेकर पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। रामलीला मैदान में होने वाली इस सभा को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की दृष्टि से कांग्रेस का बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। पार्टी नेताओं का दावा है कि जनसभा में प्रदेशभर से हजारों कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचेंगे।

सभा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने रामलीला मैदान का निरीक्षण किया। उनके साथ हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, यातायात और कार्यकर्ताओं के स्वागत सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा जिम्मेदारियां तय की गईं।

यशपाल आर्या ने कहा कि यह जनसभा उत्तराखंड की राजनीति में नया संदेश देगी। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम में 20 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी होगी और प्रदेश के सभी जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ता हल्द्वानी पहुंचेंगे। उनके अनुसार प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है।

यह भी पढ़ें -   राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर बुनकरों और शिल्पकारों का हुआ सम्मान, आत्मनिर्भर भारत में हथकरघा की भूमिका पर जोर

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में बेरोजगारी, महंगाई और जनसरोकारों के मुद्दों पर सरकार जवाब देने से बच रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर भी राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि वे अपने लिए सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र तलाश रहे हैं।

यह भी पढ़ें -   भोलेनाथ की भक्ति में 235 किमी से अधिक की पदयात्रा, अर्जुन सिंह बिष्ट व टीम का संकल्प बना आस्था का प्रतीक

वहीं कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने राज्य में सामने आए विभिन्न पेपर लीक मामलों को लेकर सरकार को घेरा और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को जनता के बीच प्रमुखता से उठाएगी।

राजनीतिक जानकारों की मानें तो हल्द्वानी की यह जनसभा केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की चुनावी रणनीति और ताकत का बड़ा प्रदर्शन भी मानी जा रही है। अब सभी की नजरें शनिवार को होने वाली इस रैली पर टिकी हैं।

ADVERTISEMENTSAd

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440