कोरोना संक्रमित सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत पत्नी और बेटी समेत दिल्ली एम्स में भर्ती

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून। कोरोना संक्रमित मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत पत्नी और बेटी समेत दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती हो गए हैं। हल्के बुखार के बाद वह रविवार को डाक्टरों के परामर्श के लिए दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती हुए थे। परीक्षण के बाद डाक्टरों ने उनके फेफडों में हल्का संक्रमण बताया था। डाक्टरों ने एहतियात के तौर पर विशेष सलाह व परीक्षण के लिए उन्हें एम्स रेफर कर दिया है। डाक्टरों ने उनकी हालत पूरी तरह से सामान्य बताई है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, एहतियात के तौर पर मुख्यमंत्री एक हफ्ते एम्स में स्वास्थ्य लाभ ले सकते हैं। इस बीच मुख्यमंत्री व उनके परिवार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना के लिए प्रार्थनाओं का सिलसिला भी शुरू हो गया है। 15 सूत्रीय कार्यक्रम के उपाध्यक्ष शादाब शम्स के नेतृत्व में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने बाबा जमाल शाह रहमतुल्लाह की दरगाह पर चादर चढ़ाकर दुआएं मांगी। रेसकोर्स गुरुद्वारे में भी उनके स्वास्थ्य की अरदास की गई। कोरोना संक्रमित होने के बावजूद मुख्यमंत्री स्वस्थ और सक्रिय रहे हैं। वह 18 दिसंबर को कोरोना संक्रमित पाए गए थे। उनकी पत्नी और बड़ी बेटी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री परिवार सहित होम आइसोलेशन में चले गए थे। उन्होंने स्वयं सोशल मीडिया पर कोरोना संक्रमित होने और कोरोना के लक्षण न होने की जानकारी साझा की थी। इस बीच मुख्यमंत्री ने विधानसभा सत्र के दौरान वर्चुअल भागीदारी भी की। वर्चुअल माध्यम से ही कुछ कार्यक्रमों को सहज ढंग से संबोधित भी किया। इस दौरान वह पूरी तरह से स्वस्थ दिखे। रविवार को अचानक मुख्यमंत्री दून अस्पताल में भर्ती हो गए थे। अस्पताल में उनका स्वास्थ्य परीक्षण हुआ और उसके बाद उन्हें दिल्ली स्थित एम्स में रेफर करने की सलाह दी गई। दून अस्पताल से रवाना होते समय सीएम पूरी तरह से स्वस्थ और सहज दिखे। उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन भी किया।

यह भी पढ़ें -   राहुल गांधी का खराब मौसम के चलते उत्तराखंड दौरा अधूरा रहा, कहा- जल्द फिर आऊँगा

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440