समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। लामाचौड़ स्थित आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल की कक्षा 12वीं की छात्रा दिव्यांशी नेगी ने अपनी शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सीबीएसई क्लस्टर नॉर्थ जोन ताइक्वांडो चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। बिजनौर, उत्तर प्रदेश में आयोजित प्रतियोगिता में दिव्यांशी ने अंडर-19 वर्ग के 63 से 68 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता के दौरान दिव्यांशी ने बेहतरीन तकनीक, आत्मविश्वास और खेल भावना का परिचय दिया। उनकी इस सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। लगातार मेहनत और नियमित अभ्यास के दम पर दिव्यांशी ने यह उपलब्धि हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
नॉर्थ जोन स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही दिव्यांशी ने सीबीएसई राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है। अब वह राष्ट्रीय स्तर पर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी।
विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने दिव्यांशी को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि दिव्यांशी की मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और समर्पण अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिव्यांशी राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और हल्द्वानी का गौरव बढ़ाएंगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440




