समाचार सच, देहरादून। वसंत विहार थाना क्षेत्र के अंबीवाला टी एस्टेट स्थित महेंद्र चौक के पास झाड़ियों में मिला मानव कंकाल कैम्पटी निवासी गौरव सेमवाल का निकला। डीएनए के मिलान में इसकी पुष्टि हुई है। वसंत विहार थाना पुलिस ने मृतक के दो दोस्तों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर नत्थीलाल उनियाल के अनुसार, कैम्पटी निवासी नवीन नौटियाल ने तहरीर दी थी कि उनका साला गौरव घर से हरिद्वार जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वह हरिद्वार नहीं पहुंचा। थाना कैम्पटी में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। 27 अक्टूबर को गुमशुदगी प्रेमनगर थाने को ट्रांसफर हुई थी। जांच के दौरान 26 जनवरी 2020 को अंबीवाला टी एस्टेट स्थित महेंद्र चौक के पास झाड़ियों में कंकाल मिलने पर नवीन नौटियाल और स्वजन घटनास्थल पर पहुंचे। कंकाल के पास विषाक्त की खाली डिब्बी, कुछ कपड़े और एक बैग में बैंक की पासबुक व मृतक की फोटो मिली। पासबुक में खाताधारक का नाम गौरव सेमवाल दर्ज था। जांच मे सामने आया कि राजेश डोभाल निवासी सहस्रधारा व नितेश उनियाल निवासी लंडौर मसूरी के मोबाइल नंबर पर गौरव की आखिरी बार बात हुई थी। प्रेमनगर थाना पुलिस ने दोनों से पूछताछ की, लेकिन वह गोलमोल जवाब दे रहे थे। इसी बीच डीएनए मिलान से स्पष्ट हो गया कि बरामद कंकाल गौरव सेमवाल का ही है। इसके बाद जांच वसंत विहार थाने को ट्रांसफर की गई। शिकायतकर्ता नवीन नौटियाल ने बताया कि राजेश डोभाल व नितेश उनियाल दोनों गौरव के दोस्त थे। कंकाल के पास विषाक्त मिलने से यह अनुमान लगाया जा सकता है कि दोनों के दबाव व उकसाने के कारण गौरव ने यह कदम उठाया।
इंस्पेक्टर नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि जल्द ही दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी कर पूछताछ की जाएगी। यदि जरूरत पड़ी तो दोनों का पॉलीग्राफ टेस्ट भी करवाया जा सकता है, क्योंकि दोनों से पहले भी कई बार पूछताछ हो चुकी है। पूछताछ के दौरान दोनों ने यह तो माना कि उनकी गौरव से बात हुई थी, लेकिन उसकी मौत के बारे में कोई सही जानकारी नहीं दे रहा है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












