गौला नदी में सिल्ट आने से नगर के अधिकांश इलाकों में पेयजल संकट

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। गर्मी के बाद अब बरसात नगर की पेयजल सप्लाई में बाधक बन रही है। नगर के अधिकांश इलाके इन दिनों पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। कई-कई दिनों से क्षेत्रों में नलों से पानी की एक बूंद तक नहीं टपकी है। जिसके चलते लोग पीने तक के पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। विभागीय तौर पर इसका कारण गौला नदी में सिल्ट आना बताया जा रहा है। नगर में पेयजल समस्या कोई नयी नहीं है। दशकों से यहां पेयजल की समस्या बनी हुई है। गर्मी व बरसात के मौसम में यह समस्या विकराल रूप धारण कर लेती है। चूंकि हल्द्वानी नगर की अधिकांश आबादी पीने के पानी के लिए गौला नदी पर निर्भर रहती है। काठगोदाम स्थित गौला बैराज से सिंचाई विभाग नगर में पेयजल आपूर्ति के लिए पानी जल संस्थान के शीशमहल स्थित फिल्टर हाउस को भेजता है। लेकिन अधिकांश लाईनें पुरानी व आबादी लगातार बढ़ने के चलते नगर पेयजल संकट से जूझता रहता है। गर्मियों में जहां इसका कारण गौला नदी का जलस्तर घटना तो बरसात में नदी में सिल्ट आना बताया जाता रहा है। वर्तमान में भी बरसात के चलते गौला नदी में सिल्ट आने के चलते पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। जिसके चलते नगर के अधिकांश हिस्सों में पीने के पानी की समस्या बनी हुई है। बद्रीपुरा, बाजार क्षेत्र, कुसुमखेड़ा, रामपुर रोड, नैनीताल रोड, नवाबी रोड के कई क्षेत्रों में बीते कई दिनों से नलों में पानी की एक बूंद तक नहीं टपकी है। इससे इन क्षेत्रों के वाशिंदे पीने तक के पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। हालांकि कई क्षेत्रों में गौला के साथ-साथ ट्यूबवैलों से भी पानी की आपूर्ति होती है। लेकिन इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का कहना है कि ट्यूबवैल के पानी का प्रेशर कम होने के चलते घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इस संबंध में जल संस्थान के अधिकारियों का कहना है कि पर्वतीय व मैदानी क्षेत्रों में वर्षा के चलते गौला नदी में सिल्ट आने से फिल्टर हाउस को पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई है। सिल्ट कम होते ही फिल्टर हाउस के लिए बैराज से पानी छोड़ा जाएगा। इसके बाद नगर में पेयजलापूर्ति सुचारू हो जाएगी। इस अवधि में टैंकरों के माध्यम से पेयजलापूर्ति करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें -   आज का पंचांग और राशिफल (27 जुलाई 2026): शिव चतुर्दशी पर बने दुर्लभ संयोग, जानें शुभ मुहूर्त, राहुकाल और सभी 12 राशियों का भविष्यफल
Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440