समाचार सच, पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के देहलचौरी क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह में शामिल होकर रुद्रप्रयाग लौट रहा एक परिवार दुर्घटना का शिकार हो गया। अरकणी बैंड से करीब 800 मीटर आगे एक इको कार (यूके13ए-9418) अनियंत्रित होकर लगभग 50 से 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों का रेस्क्यू किया गया। पुलिस के अनुसार वाहन चालक रोहित थपलियाल रुद्रप्रयाग से शादी समारोह में शामिल होकर ग्राम भेंटा, कोट ब्लॉक से वापस लौट रहे थे। वाहन में चालक समेत पांच लोग सवार थे।
रेस्क्यू अभियान के दौरान गंभीर रूप से घायल महिला को कांस्टेबल बद्री लाल ने अपने निजी वाहन से उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीकोट पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। अन्य घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मृतका की पहचान 49 वर्षीय अनीता भट्ट पत्नी शशि राम भट्ट निवासी जाखन, अंसल ग्रीन वैली, राजपुर रोड के रूप में हुई है। घायलों में चालक रोहित थपलियाल (24) पुत्र प्रेमचंद थपलियाल निवासी रतूड़ा रुद्रप्रयाग, रश्मि देवी (45) पत्नी प्रेमचंद थपलियाल, सुधा देवी (54) पत्नी जगदीश प्रसाद निवासी रतूड़ा रुद्रप्रयाग तथा सुमन बिष्ट (26) पुत्री गजपाल सिंह बिष्ट निवासी ग्राम भेंटा, देहलचौरी, श्रीनगर पौड़ी गढ़वाल शामिल हैं।
प्रदेश में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को देखते हुए परिवहन विभाग जागरूकता अभियान चला रहा है। ओवर स्पीडिंग और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई के लिए एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकगनाइजेशन) कैमरों के जरिए चालान किए जा रहे हैं। इसके बावजूद सड़क दुर्घटनाओं में कमी नहीं आ पा रही है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



