अल्मोड़ा में तेंदुए की दहशत के बीच पिंजरे में फंसा शावक, वन विभाग ने किया रेस्क्यू; हमलावर गुलदार की तलाश जारी

खबर शेयर करें

समाचार सच, अल्मोड़ा। भैंसियाछाना ब्लॉक के बाड़ेछीना स्थित छानी गांव में तेंदुए की दहशत के बीच उस समय हड़कंप मच गया, जब हमलावर गुलदार को पकड़ने के लिए लगाए गए पिंजरे में करीब चार माह का शावक कैद हो गया। शावक के पिंजरे में फंसने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर शावक को सुरक्षित बाहर निकाला और उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।

ग्रामीणों के मुताबिक क्षेत्र में मादा गुलदार की मौजूदगी भी देखी गई है। शावक के पिंजरे में फंसने के बाद वन विभाग को आशंका है कि जिस गुलदार ने ग्रामीण पर हमला किया था, वह मादा हो सकती है। इसके चलते क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है।

दरअसल, कुछ दिन पहले घर से दुकान की ओर जा रहे दीवान सिंह पर घात लगाकर बैठे गुलदार ने हमला कर दिया था। हमले में वह घायल हो गए थे। ग्रामीणों की मदद से वन विभाग की टीम ने उन्हें उपचार के लिए अल्मोड़ा जिला अस्पताल पहुंचाया था।

यह भी पढ़ें -   निजी स्कूलों की फीस पर प्रशासन सख्त, 31 अगस्त को वेंडी पब्लिक स्कूल में होगी स्थलीय जांच

घटना के बाद वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ ही गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाए और पिंजरा लगाया।
इसी पिंजरे में बीती देर शाम गुलदार के बजाय करीब चार माह का शावक फंस गया।

शावक के पिंजरे में कैद होने की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पिंजरे में मौजूद शावक लोगों के लिए कौतूहल का विषय बन गया। इस दौरान लोगों ने शावक के वीडियो बनाए, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड में फिर बिगड़ा मौसम का मिजाज, 7 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट, भूस्खलन और आकाशीय बिजली का खतरा

बताया गया कि शावक काफी देर तक पिंजरे से बाहर निकलने की कोशिश करता रहा। बाद में वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।

वन क्षेत्राधिकारी हवालबाग मोहन राम आर्या ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई गई है और गुलदार की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अकेले बाहर निकलने से बचने और संभव हो तो झुंड में आवाजाही करने की अपील की है। हमलावर गुलदार को पकड़ने के लिए क्षेत्र में दोबारा पिंजरा लगाया गया है।

गुलदार की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है और लोग शाम के बाद घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रही है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440