हल्द्वानी-नैनीताल, हल्द्वानी-खैरना, भीमताल-कालाढूंगी समेत सभी प्रमुख मार्गों पर होगी विशेष सफाई, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की भी ली जाएगी मदद
समाचार सच, नैनीताल।
नैनीताल जिले को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने 8 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया है। यह अभियान माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान जिले के शहरी, ग्रामीण और वन क्षेत्रों के प्रमुख मोटर मार्गों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक स्तर पर सफाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि अभियान के तहत हल्द्वानी-रामनगर, हल्द्वानी-नैनीताल, हल्द्वानी-खैरना (भीमताल मार्ग), कालाढूंगी-नैनीताल सहित जिले के सभी प्रमुख मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। संबंधित विभागों को तय समय सीमा में सफाई कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तीन स्तरीय टीमें गठित की हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, जिला पंचायतीराज अधिकारी तथा सभी खंड विकास अधिकारी अभियान का संचालन करेंगे।
शहरी क्षेत्रों में नगर आयुक्त नगर निगम हल्द्वानी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका नैनीताल, वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी एवं सभी नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी जिम्मेदारी संभालेंगे।
वहीं वन क्षेत्रों में प्रभागीय वनाधिकारी नैनीताल सहित सभी प्रभागीय वनाधिकारी सफाई अभियान की निगरानी करेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि गठित सभी टीमें 8 अगस्त से 16 अगस्त तक अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाने के साथ-साथ कार्यों का अभिलेखीकरण करेंगी। अभियान की प्रगति रिपोर्ट तैयार कर माननीय उच्च न्यायालय में शपथ पत्र के साथ प्रस्तुत की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान में स्थानीय निकायों के महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षद, सभासद, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान सहित सभी जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा सरकारी विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ), महिला एवं युवक मंगल दल, स्वयं सहायता समूह, एनसीसी, एनएसएस तथा अन्य सामाजिक संगठनों को भी अभियान से जोड़कर जनसहभागिता बढ़ाई जाएगी।
जिला प्रशासन का मानना है कि व्यापक जनभागीदारी से यह विशेष सफाई अभियान न केवल जिले की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाएगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन स्थलों की सुंदरता को भी नया आयाम देगा।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



