प्रकृति, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के महापर्व पर प्रदेशभर में वृक्षारोपण अभियान, ‘एक पेड़ मां के नाम’ से जुड़ने की अपील
समाचार सच, देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड आज अपने पारंपरिक लोकपर्व हरेला को पूरे उत्साह, आस्था और प्रकृति संरक्षण के संकल्प के साथ मना रहा है। प्रदेशभर में आज 10 लाख पौधों के वृहद वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत हुई है। नौ दिन पहले टोकरियों में बोए गए हरेले को विधि-विधान से काटकर परिवार के सदस्यों के सिर पर रखा गया और उनके सुख, समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेला केवल एक लोकपर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, पर्यावरण संरक्षण के संकल्प और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य के निर्माण का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल, जंगल और जमीन का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता को सुरक्षित रखने के लिए सभी नागरिकों को आगे आना होगा। उन्होंने नदियों, जल स्रोतों और गाड़-गदेरों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए निरंतर प्रयास करने का भी आह्वान किया।
सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे देशभर में वृक्षारोपण के प्रति नई जागरूकता आई है। उन्होंने सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों और संस्थाओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
हरेला पर्व के अवसर पर वन एवं उद्यान विभाग द्वारा प्रदेश के शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जा रहा है। वहीं देहरादून नगर निगम मिशन पोषण संकल्प के तहत 5 लाख सब्जियों के पौधों का वितरण स्वयं सहायता समूहों और पार्षदों के सहयोग से कर रहा है। इसके अलावा विद्यालयों और आंगनबाड़ियों में सहजन के पौधे लगाए जा रहे हैं तथा सार्वजनिक स्थलों और चिन्हित हरित क्षेत्रों में जनभागीदारी से पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान लगभग 70 हजार फलदार, चारा एवं अन्य प्रजातियों के पौधों का भी वितरण किया जा रहा है।
हरेला पर्व एक बार फिर उत्तराखंड को यह संदेश दे रहा है कि हरियाली ही खुशहाली की असली पहचान है और प्रकृति का संरक्षण ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



