
समाचार सच, हल्द्वानीं। जनपद नैनीताल के फतेहपुर रेंज जंगल में तीन दिन बाद फिर तेंदुए ने एक और महिला को अपना निवाला बना लिया। मृतक रिटायर्ड सूबेदार की पत्नी है और गुरूवार को पशुओं के लिये चारा काटने जंगल गयी थी। इसी बीच घात लगाकर बैठे तेंदुए ने महिला पर हमला कर उसे मार डाला। सूचना पर पहुंची वन विभाग तथा पुलिस की टीम ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिये भिजवाया। सूचना पर मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। तीन दिन में यह दूसरी घटना को लेकर क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने तेंदुए को आदमखोर घोषित कर मारने या पकड़ने की बात कही है। आपको बता चले की क्षेत्र में कुछ माह के अंदर में बाघ के हमले की यह पांचवी घटना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दमुवाढूंगा के कुमाऊं कालोनी निवासी रिटायर्ड सूबेदार आनंदराम की 52 वर्षीया पत्नी इंदिरा देवी गुरूवार को पशुओं के लिए चारा काटने जंगल गई थीं। इसी बीच छिपकर बैठे तेंदुए ने इंदिरा पर हमला कर मार डाला। मौके पर वन विभाग व पुलिस टीम पहुंच गई है। वन विभाग आवश्यक कार्यवाही कर रहा है। लोगों ने गुलदार को तुरंत पकड़ने की मांग की है। गुलदार व बाघ के हमले की यह पांचवी घटना है।
29 अप्रैल को इसी रेंज जंगल में तेंदुए ने बुजुर्ग महिला का किया था शिकार
आपको बता दें कि 29 अप्रैल मंगलवार को भी फतेहपुर रेंज जंगल में भदयूनी गांव की 60 वर्षीया धनूली देवी अपनी बहू लीला के साथ घर के पास के जंगल में पशुओं के लिये घास लेने गयी थी। लीला पेड़ पर चढ़कर पत्ते तोड़कर नीचे फेंक रही थी और सांस धनूली पत्ते एकत्र कर रही थी। तभी तेंदुए ने धनुली पर हमला बोल दिया और उसे घसीट कर ले गया था। सूचना पर रेंजर केएल आर्य और ज्योलीकोट पुलिस भी पहुंच गई। सर्च अभियान चलाकर डेढ़ मीटर की रेंज में धनुली देवी का क्षत-विक्षत शव बरामद कर लिया था।
इधर तीन में दूसरी घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि इन घटनाओं से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। क्षेत्रवासियों ने तेंदुए को पकड़ने से पहले इसे आदमखोर घोषित करने की मांग की है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440