काली सेना की विशाल तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, ‘एक शाम शहीदों के नाम’ में देशभक्ति गीतों पर झूमे लोग, समाजसेवियों और प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
समाचार सच, हल्द्वानी। रिपोर्ट- अजय चौहान
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर काली सेना के तत्वावधान में हल्द्वानी महानगर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत विशाल तिरंगा यात्रा, ‘एक शाम शहीदों के नाम’ एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। हाथों में तिरंगा और दिल में देशप्रेम का जज्बा लिए बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग पर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
सुबह करीब 10 बजे मंगल पड़ाव से विशाल तिरंगा यात्रा का शुभारंभ काली सेना के संस्थापक स्वामी आनंद स्वरूप जी महाराज तथा बॉलीवुड कलाकार एवं समाजसेवी गिरीश थापर ने किया। तिरंगा यात्रा में युवाओं, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने शहर की फिजा को पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
यात्रा सिंधी चौराहा, कालाढूंगी चौराहा और तिकोनिया होते हुए मधुवन बैंक्वेट हॉल पहुंची। रास्तेभर लोगों ने तिरंगा लहराकर यात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष से माहौल जोशीला बना रहा।
शहीदों की याद में सजा मंच, देशभक्ति गीतों पर झूमे लोग
तिरंगा यात्रा के बाद मधुवन बैंक्वेट हॉल में ‘एक शाम शहीदों के नाम’ एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी शहादत और देश के प्रति योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में प्रभाकर जोशी, कविता बेलवाल और संगीता जोशी ने देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। उनके गीतों पर दर्शक भावविभोर होने के साथ ही देशभक्ति के रंग में झूमते नजर आए। वहीं समाजसेवी एवं कवयित्री प्रियंका जोशी ने अपनी ओजपूर्ण कविता के माध्यम से देशप्रेम और वीरों की शहादत का भाव प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। जादूगर अंकुर की हैरतअंगेज प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मनोरंजन और रोमांच का तड़का लगाते हुए चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि उन वीरों को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभानी होगी। युवा पीढ़ी को शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में आगे बढ़कर योगदान देना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि दर्जा राज्य मंत्री शंकर कोरंगा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत रखना हर नागरिक का दायित्व है। शहीदों के बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम अपने जीवन में राष्ट्रहित, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी को सर्वाेच्च प्राथमिकता देंगे।
काली सेना के संस्थापक स्वामी आनंद स्वरूप जी महाराज ने कहा कि देश के वीरों ने जिस भारत के लिए अपना जीवन समर्पित किया, उस भारत की गरिमा और एकता को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम और शहीदों के बलिदान की जानकारी देना बेहद जरूरी है, ताकि उनमें राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना मजबूत हो।
उन्होंने युवाओं से देशहित में सकारात्मक भूमिका निभाने, समाज में आपसी भाईचारा मजबूत करने और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से दूर रहने का आह्वान किया।
काली सेना और कार्यक्रम के आयोजक विशाल शर्मा ने तिरंगा यात्रा और सम्मान समारोह को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, सामाजिक संगठनों, कलाकारों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल तिरंगा यात्रा निकालना नहीं, बल्कि समाज में राष्ट्रप्रेम, शहीदों के प्रति सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं एवं समाजसेवियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। तिरंगे की शान, शहीदों का सम्मान और देशभक्ति के जोश से सराबोर यह आयोजन हल्द्वानी में स्वतंत्रता दिवस की यादगार तस्वीर छोड़ गया।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



