महासभा चुनाव में दिखा लोकतंत्र का उत्साह, समाज को एकजुट कर नई दिशा देने का लिया संकल्प
समाचार सच, हल्द्वानी। वैश्य महासभा हल्द्वानी के वार्षिक चुनाव इस बार लोकतांत्रिक उत्साह, संगठनात्मक एकजुटता और नए नेतृत्व के संदेश के साथ संपन्न हुए। रामपुर रोड स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित चुनाव में राजीव अग्रवाल निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए, जबकि महामंत्री पद पर दिनेश गुप्ता ने कड़े मुकाबले में 14 मतों से जीत दर्ज कर नई जिम्मेदारी संभाली।
चुनाव प्रक्रिया से पहले महासभा की वार्षिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें पिछले दो वर्षों के कार्यों का लेखा-जोखा सदस्यों के समक्ष रखा गया। निवर्तमान महामंत्री तनुज गुप्ता ने संगठन की उपलब्धियों और सामाजिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी, जबकि कोषाध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल (मुन्ना) ने दो वर्षों का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने ध्वनिमत से पारित कर दिया।
बैठक के दौरान समाज के वरिष्ठ और युवा सदस्यों ने भविष्य की योजनाओं, सामाजिक एकता, युवाओं की भागीदारी और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए। निवर्तमान अध्यक्ष रामबाबू जायसवाल ने अपने कार्यकाल में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की एकजुटता को सबसे बड़ी ताकत बताया।
इसके बाद मुख्य चुनाव अधिकारी बिंदेश कुमार गुप्ता तथा सह चुनाव अधिकारियों विपिन गुप्ता और सुरेश केसरवानी की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। अध्यक्ष पद के लिए राजीव अग्रवाल और हीरालाल साहू के नाम प्रस्तावित हुए, लेकिन हीरालाल साहू द्वारा नाम वापस लेने के बाद राजीव अग्रवाल निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए।
वहीं महामंत्री पद के लिए दिनेश गुप्ता, रजत महेश्वरी और रामबाबू साहू के नाम सामने आए। रामबाबू साहू द्वारा नाम वापस लेने के बाद मतदान कराया गया, जिसमें दिनेश गुप्ता को 110 और रजत महेश्वरी को 96 मत मिले। इस तरह दिनेश गुप्ता ने 14 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर महामंत्री पद हासिल किया।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजीव अग्रवाल और महामंत्री दिनेश गुप्ता का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। दोनों पदाधिकारियों ने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, महिला इकाई, युवा इकाई और बड़ी संख्या में वैश्य समाज के सदस्य मौजूद रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



