समाचार सच, हल्द्वानी। नैनीताल जिला एवं सत्र न्यायालय ने हल्द्वानी नगर निगम के वार्ड संख्या-9 (तल्ली बमौरी) के पार्षद चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। अदालत ने वार्ड से निर्वाचित पार्षद राजेंद्र सिंह जीना के निर्वाचन को अवैध घोषित करते हुए सीट को रिक्त माना है। साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग और जिला निर्वाचन अधिकारी को तीन माह के भीतर वार्ड में पुनः चुनाव कराने के निर्देश दिए हैं।
यह मामला नगर निगम चुनाव 2025 से जुड़ा है। जनवरी 2025 में हुए चुनाव में वार्ड संख्या-9 से राजेंद्र सिंह जीना विजयी घोषित हुए थे। निर्वाचन परिणाम के अनुसार उन्हें 836 मत प्राप्त हुए थे, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी गिरीश नैनवाल को 771 और तीसरे प्रत्याशी जितेंद्र जोशी को 111 वोट मिले थे।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद पराजित प्रत्याशी गिरीश नैनवाल ने न्यायालय में चुनाव याचिका दायर की थी। याचिका में आरोप लगाया गया था कि विजयी प्रत्याशी ने नामांकन प्रक्रिया के दौरान अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की जानकारी निर्वाचन प्रपत्रों में दर्ज नहीं की और आवश्यक तथ्यों को छिपाया।
मामले की सुनवाई के बाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रशांत जोशी की अदालत ने पाया कि नामांकन पत्र में आवश्यक जानकारी का खुलासा नहीं किया गया। अदालत ने इसे निर्वाचन प्रक्रिया में गंभीर त्रुटि मानते हुए चुनाव को निरस्त कर दिया।
न्यायालय ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि वार्ड संख्या-9 की सीट को रिक्त माना जाए तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर यहां पुनः मतदान कराया जाए। साथ ही संबंधित प्रत्याशी को आगामी उपचुनाव में भाग लेने से भी प्रतिबंधित किया गया है।
अदालत ने यह भी कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र में सभी आवश्यक जानकारियां सही और पूर्ण रूप से उपलब्ध कराई जानी चाहिए। भविष्य में निर्वाचन अधिकारियों को भी नामांकन पत्रों की जांच के दौरान इस प्रकार की सूचनाओं का गंभीरता से परीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
फैसले के बाद चुनाव याचिकाकर्ता गिरीश नैनवाल ने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मतदाताओं के अधिकारों की जीत बताया। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका पर उन्हें पूरा भरोसा था और अदालत के फैसले से वार्ड की जनता के साथ न्याय हुआ है।
इस निर्णय के बाद वार्ड संख्या-9 में एक बार फिर चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना है। राजनीतिक दलों और स्थानीय नेताओं की नजर अब आगामी उपचुनाव पर टिक गई है, जहां मतदाता एक बार फिर अपने प्रतिनिधि का चयन करेंगे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



