विश्व कल्याण और मानव उत्थान के संकल्प के साथ दत्तात्रेय आश्रम में होगा विराट धार्मिक आयोजन, निकलेगी भव्य कलश यात्रा
समाचार सच, हल्द्वानी। धर्म, अध्यात्म और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से श्री गिरिजा देवी सनातन सेवा समिति द्वारा 5 जून से 12 जून 2026 तक रामपुर रोड स्थित श्री दत्तात्रेय आश्रम में विराट श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ एवं विष्णु सहस्रनाम पाठ यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में समिति पदाधिकारियों और संतजनों ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए इसे क्षेत्र का एक ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन बताया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए समिति के संरक्षक प्रो. डॉ. एस.डी. तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में आध्यात्मिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के लिए ऐसे आयोजनों की महती आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि आठ दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ में देश के प्रसिद्ध विद्वान एवं कथावाचक डॉ. नवीन चन्द्र जोशी प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे से सायं 6 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति और जीवन मूल्यों का संदेश मिलेगा।
आयोजन समिति के स्थानीय संयोजक एवं समाजसेवी मोहन पाठक ने बताया कि यह महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में शांति, सद्भाव और विश्व कल्याण का संदेश देने का एक बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि कथा और यज्ञ के माध्यम से मानवता के उत्थान, राष्ट्र की समृद्धि तथा विश्व शांति की कामना की जाएगी।
व्यापारी नेता एवं समिति सदस्य हर्षवर्धन पाण्डेय ने जानकारी दी कि कार्यक्रम का शुभारंभ 5 जून को भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। इस यात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, संत-महात्मा एवं श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे। धार्मिक ध्वज, भजन-कीर्तन और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निकलने वाली यह यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होकर यज्ञ स्थल पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि मुख्य यजमान के रूप में श्रीमती तुलसी बिष्ट एवं श्री पान सिंह बिष्ट प्रतिदिन वैदिक विधि-विधान के साथ हवन एवं यज्ञ अनुष्ठान संपन्न कराएंगे। आयोजन के दौरान विष्णु सहस्रनाम पाठ, भजन संध्या, संत प्रवचन तथा विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का भी आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी परेश यति महाराज ने कहा कि यज्ञ और कथा भारतीय संस्कृति की आत्मा हैं। ऐसे आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ-साथ लोगों को सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण, पूजन और यज्ञ में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया।
प्रेस वार्ता में पंडित हेमचन्द्र जोशी शास्त्री, आचार्य प्रमोद कुमार जोशी सहित समिति के अनेक सदस्य और श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजकों ने दावा किया कि इस महायज्ञ में कुमाऊं मंडल के विभिन्न जिलों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



