नैनीताल हाईवे पर कार और बुलेट की आमने-सामने टक्कर, दोनों वाहन गहरी खाई में गिरे

खबर शेयर करें

भुजियाघाट के पास हुआ हादसा, बुलेट सवार गंभीर घायल, कार चालक मौके से लापता, जांच में जुटी पुलिस

समाचार सच, नैनीताल। हल्द्वानी-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को भुजियाघाट के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कार और बुलेट की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही काठगोदाम और ज्योलिकोट पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल बुलेट सवार को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, बुलेट सवार ज्योलिकोट से हल्द्वानी की ओर आ रहा था, जबकि कार हल्द्वानी से ज्योलिकोट जा रही थी। भुजियाघाट से करीब 200 मीटर पहले दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पहले बुलेट और उसके बाद कार गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में घायल बुलेट चालक की पहचान भगवानपुर, मुखानी (हल्द्वानी) निवासी पूरन चंद्र जोशी के रूप में हुई है। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उन्हें रेस्क्यू कर एंबुलेंस के जरिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें -   हल्द्वानी में गुरु हरिकिशन साहिब जी के प्रकाश पर्व पर गूंजे गुरबाणी के शबद, संगत ने ग्रहण किया गुरु का अटूट लंगर

वहीं, हादसे के बाद कार चालक मौके पर नहीं मिला। आशंका जताई जा रही है कि वह मामूली रूप से घायल होने के बाद घटनास्थल से चला गया। पुलिस उसकी तलाश के साथ-साथ पूरे मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें -   कामिका एकादशी पर जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा, किस राशि को मिलेगा धन लाभ और किन राशियों को बरतनी होगी विशेष सावधानी

काठगोदाम थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर कार चालक नहीं मिला है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर पुलिस कार्रवाई कर रही है।

ADVERTISEMENTSAd

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440