समाचार सच, हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के सप्तसरोवर मार्ग स्थित बंदी छोड़ श्री ब्रह्मनिवास आश्रम में आयोजित 51वें निर्वाण दिवस कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ब्रह्मलीन भूरि वाले महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आध्यात्मिक योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि संतों और सद्गुरुओं की शरण में पहुंचना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसे पवित्र स्थानों तक वही व्यक्ति पहुंचता है, जिस पर सद्गुरु की कृपा होती है। संत समाज ने सदैव भारतीय धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सीएम धामी ने कहा कि महान संतों और सद्गुरुओं ने स्वयं कष्ट सहते हुए समाज को धर्म, संस्कृति और राष्ट्रहित की राह दिखाई। उन्होंने कहा कि संत परंपरा ने भारत की आध्यात्मिक विरासत को मजबूत करने के साथ ही समाज को सही दिशा देने का कार्य किया है।
बंगाल में घुसपैठ के मुद्दे पर भी बोले धामी
पश्चिम बंगाल में घुसपैठ रोकने के लिए सीमा बंदी को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश की जनता अब तुष्टिकरण की राजनीति को स्वीकार नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से लोग भाजपा की डबल इंजन सरकार पर भरोसा जता रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जिन राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, वहां तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली सरकारों को जनता सत्ता से बाहर कर रही है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय से अटकी कई योजनाएं अब धरातल पर दिखाई दे रही हैं और विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि विकास के कार्य किसी विशेष वर्ग को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि सभी लोगों के हित को ध्यान में रखते हुए किए जाने चाहिए।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



