समाचार सच, हल्द्वानी। विवाहिता से ससुरालियों द्वारा मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। इतना ही नहीं मासूम बच्चों तक को खाना नहीं दिया गया और महिला से नगदी व जेवरात भी छीन लिये गये। महिला ने बेस चिकित्सालय में उपचार कराया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी ससुरालियों पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
वर्तमान में कत्था फैक्ट्री, मानपुर पश्चिम रामपुर रोड में अपने मामा के घर रह रही पूजा रावत का कहना है कि उसका विवाह 9 दिसम्बर 2010 को गैर वैशाली बिठौरिया नंबर एक निवासी ललित सिंह रावत के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही उसके पति के अलावा सास तुलसी देवी व ननद जयश्री उसके साथ मारपीट करने लगे। उसने कई बार ससुरालियों के उत्पीड़न की शिकायत की, लेकिन पति के माफी मांगने व परिवार टूटने से बचाने के लिए वह समझौता करती रही। महिला का कहना है कि इस वर्ष नवम्बर माह में ससुरालियों ने उसका अत्यधिक उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। जिसके चलते उसने मायके पक्ष से वार्ता की तो उसके घ्माता-पिता व मामा-मामी 8 नवम्बर को ससुरालियों को समझाने के लिए उसके घर आये। आरोप है कि इस बीच उसकी सास व ननद ने मायके पक्ष के सामने ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। जिसमें उसे गंभीर चोटें आई। इस सब में उसका पति मूकदर्शक बना रहा। साथ ही उसे उसके दो मासूम बच्चों के साथ घर से निकाल दिया गया और उसके जेवरात, नगदी व अन्य सामान भी ससुरालियों ने अपने जबरन अपने कब्जे में ले ली। ससुरालियों ने उससे इस कदर मारपीट की कि उसे बेस चिकित्सालय में अपना उपचार कराना पड़ा। महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी ससुरालियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास कर रही है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440
















