84 करोड़ के मेगा डेयरी प्लांट का निरीक्षण, निदेशक बोले- समय पर पूरा करें निर्माण, किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ

खबर शेयर करें

समाचार सच, लालकुआं। उत्तराखंड डेयरी विकास विभाग के निदेशक ईलागिरी ने गुरुवार को नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (लालकुआं) का निरीक्षण कर दुग्ध उत्पादन से लेकर गुणवत्ता नियंत्रण और निर्माणाधीन आधुनिक डेयरी परियोजना तक की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने करीब 84 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे अत्याधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण प्लांट का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान निदेशक ने दुग्धशाला में दूध संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता परीक्षण, स्वच्छता, पैकेजिंग और विपणन व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। अधिकारियों ने उन्हें दुग्ध उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण, सहकारी व्यवस्था और दुग्ध उत्पादक किसानों के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी दी।

निदेशक ईलागिरी ने दुग्धशाला में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों, गुणवत्ता मानकों और सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रभावी पालन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने विभिन्न अनुभागों में जाकर दूध की गुणवत्ता जांच, प्रसंस्करण प्रक्रिया, पैकेजिंग, तैयार उत्पादों के भंडारण और वितरण व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।

यह भी पढ़ें -   नहीं रहे दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर, 75 वर्ष की उम्र में गोवा में निधन

इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन अत्याधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण प्लांट का दौरा कर निर्माण की प्रगति, उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता तथा तकनीकी मानकों का परीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना पूरी होने के बाद दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे दुग्ध उत्पादक किसानों को बेहतर विपणन सुविधा मिलेगी और उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाले डेयरी उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे।

यह भी पढ़ें -   गुरुजनों के सम्मान और विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन को लेकर आयोजित हुआ गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम

निदेशक ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि इसका लाभ जल्द से जल्द किसानों और आम उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जा सके।

इस अवसर पर नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रभारी प्रशासन एवं विपणन संजय सिंह भाकुनी, प्रभारी कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, प्रभारी उपार्जन सुभाष बाबू, प्रभारी अभियंत्रण राजू दुम्का, प्रभारी गुणवत्ता नियंत्रण आर.सी. आर्या, प्रभारी स्टोर खलील अहमद, प्रभारी यातायात पूरन चंद्र मिश्रा, प्रभारी एमआईएस कमलेश कुमार, दिनेश कुलौरा, विपिन तिवारी, कमल गरवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440