उत्तराखंड PCS में जसमीत कौर बनीं प्रदेश टॉपर, रुद्रपुर की बेटी ने बढ़ाया जिले का मान

खबर शेयर करें

समाचार सच, रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के लिए गर्व की बात है कि रुद्रपुर की बेटी जसमीत कौर ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) की पीसीएस परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर नया इतिहास रच दिया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, जिले और पूरे उत्तराखंड में खुशी का माहौल है। सफलता की खबर मिलते ही उनके घर पर शुभचिंतकों, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों का तांता लग गया।

जसमीत कौर ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और अपनी निरंतर मेहनत को दिया है। उन्होंने कहा कि परिवार का सहयोग और शिक्षकों का मार्गदर्शन उनके लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहा।

शुरुआत से ही रही मेधावी छात्रा
रुद्रपुर निवासी जसमीत कौर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा आर्य पब्लिक स्कूल से प्राप्त की, जबकि इंटरमीडिएट की पढ़ाई होली चाइल्ड स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली से स्नातक की डिग्री हासिल की। जसमीत बचपन से ही पढ़ाई में उत्कृष्ट रही हैं। उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों परीक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। साथ ही नौवीं कक्षा में अबेकस प्रतियोगिता में उत्तराखंड अवार्ड भी अपने नाम किया था।

यह भी पढ़ें -   चित्रशिला धाम विवाद में बड़ा एक्शन, पहाड़ी आर्मी के 49 लोगों पर मुकदमा दर्ज

दूसरे प्रयास में हासिल किया प्रदेश में पहला स्थान
जसमीत ने बताया कि यह उनका दूसरा प्रयास था। पहले प्रयास में उनका चयन समाज कल्याण अधिकारी के पद पर हुआ था। वर्तमान में वह बागेश्वर में जिला समाज कल्याण अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। इसके बावजूद उन्होंने अपने बड़े लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए पीसीएस परीक्षा की तैयारी जारी रखी और इस बार प्रदेश में टॉप कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

उन्होंने बताया कि परीक्षा की तैयारी के दौरान वह प्रतिदिन 8 से 10 घंटे तक अध्ययन करती थीं। नियमित पढ़ाई, अनुशासन और आत्मविश्वास उनकी सफलता के प्रमुख आधार रहे। पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें बैडमिंटन खेलना भी पसंद है, जिससे उन्हें मानसिक संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती थी।

यह भी पढ़ें -   हल्द्वानी में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण तेज, 2.35 लाख नोटिसों की शत-प्रतिशत तामील, दावे-आपत्तियों पर कार्रवाई जारी

परिवार ने जताया गर्व
जसमीत के पिता जसवंत सिंह पाहवा रुद्रपुर के गोल मार्केट स्थित गुरुद्वारे के पास सर्वोकोन की दुकान संचालित करते हैं। उन्होंने बताया कि उनके तीन बच्चों में जसमीत इकलौती बेटी हैं। बेटी की इस उपलब्धि से पूरा परिवार बेहद गौरवान्वित है। उन्होंने कहा कि बच्चों को सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन मिले तो वे किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।

युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
जसमीत कौर की सफलता पूरे उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा का उदाहरण है। उन्होंने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और सही दिशा में किया गया प्रयास किसी भी लक्ष्य को हासिल करने की कुंजी है। उनकी उपलब्धि से न केवल ऊधम सिंह नगर बल्कि पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ा है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440