लालकुआंः पत्नी के जन्मदिन की खुशियां रातभर गूंजती रहीं… सुबह अलार्म बजा तो हमेशा के लिए सो चुका था कमल

खबर शेयर करें

सरप्राइज देने हरिद्वार से छुट्टी लेकर घर आया था नवविवाहित युवक, ड्यूटी पर लौटने से पहले हुई संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

समाचार सच, लालकुआं। कभी-कभी जिंदगी इतनी बेरहम हो जाती है कि रात की मुस्कान सुबह मातम में बदल जाती है। लालकुआं क्षेत्र के हल्दूचौड़ में ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां पत्नी के जन्मदिन पर उसे सरप्राइज देने हरिद्वार से घर पहुंचे 30 वर्षीय नवविवाहित युवक की अगली सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मृतक की पहचान कमल आर्य (30 वर्ष) निवासी हल्दूचौड़ (दीना डी क्लास) के रूप में हुई है। कमल हरिद्वार स्थित हीरो कंपनी में कार्यरत था। उसकी शादी इसी वर्ष 30 अप्रैल को बिंदुखत्ता निवासी युवती से हुई थी।

बताया जा रहा है कि गुरुवार को उसकी पत्नी का जन्मदिन था। कमल विशेष रूप से छुट्टी लेकर हरिद्वार से घर पहुंचा ताकि पत्नी को जन्मदिन पर सरप्राइज दे सके। रात में परिवार ने हंसी-खुशी जन्मदिन मनाया। सभी ने साथ बैठकर भोजन किया और इसके बाद कमल सोने चला गया।

यह भी पढ़ें -   Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में आज फिर भारी बारिश का अलर्ट, इन जिलों में येलो चेतावनी, 30 अगस्त तक बिगड़ा रहेगा मौसम

शुक्रवार सुबह उसे वापस हरिद्वार ड्यूटी के लिए रवाना होना था। लालकुआं से सुबह छह बजे की ट्रेन पकड़ने के लिए उसने पत्नी से समय पर जगाने को कहा था और मोबाइल में अलार्म भी लगा दिया था।

सुबह जब अलार्म बजा तो कमल नहीं उठा। पत्नी ने पहले आवाज लगाई, फिर उसे हिलाकर जगाने की कोशिश की, लेकिन उसके शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। घबराई पत्नी के शोर मचाने पर परिजन कमरे में पहुंचे और तत्काल उसे हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें -   अंजीर एक नेचुरल विरेचक औषधि यानी प्राकृतिक कब्ज दूर करने वाला उपाय हैं

प्राथमिक स्तर पर चिकित्सकों द्वारा मौत की संभावित वजह साइलेंट हार्ट अटैक मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कमल अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। शादी को अभी ढाई महीने भी पूरे नहीं हुए थे कि इस दर्दनाक घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं। जिस घर में कुछ घंटे पहले जन्मदिन का जश्न था, वहीं अब मातम पसरा हुआ है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440