समाचार सच, देहरादून डेस्क। देहरादून में शराब की दुकानों पर मनमानी और नियमों की अनदेखी की शिकायतों को लेकर जिला प्रशासन ने देर रात बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर अलग-अलग प्रशासनिक टीमों ने शहर के कई इलाकों में शराब की दुकानों पर अचानक छापेमारी कर बिक्री, स्टॉक और कर्मचारियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। कार्रवाई के दौरान ओवररेटिंग सहित कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
अचानक हुई इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। प्रशासनिक टीमों ने दुकानों पर उपलब्ध शराब के स्टॉक का मिलान अभिलेखों से किया और निर्धारित बिक्री दर, रेट लिस्ट, सेल्समैन की वैधता तथा शिकायत नंबर जैसी व्यवस्थाओं की भी पड़ताल की।
सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी और एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह के नेतृत्व में माजरा, पटेलनगर और आसपास के क्षेत्रों में दुकानों की जांच की गई। आईएसबीटी क्षेत्र स्थित शराब की दुकान में ओवररेटिंग की शिकायत जांच के दौरान सही पाई गई।
जांच में दुकान पर रखी 42 शराब की बोतलों के बैच नंबर उपलब्ध अभिलेखों से मेल नहीं खाते मिले। इसके अलावा दुकान पर अनाधिकृत सेल्समैन पाए गए और निर्धारित रेट लिस्ट भी प्रदर्शित नहीं थी।
एसडीएम मुख्यालय रविंद्र ज्वांठा के नेतृत्व में टीम ने प्रेमनगर क्षेत्र में शराब की दुकानों का निरीक्षण किया। यहां एक दुकान का स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं मिला। जांच के दौरान अनाधिकृत सेल्समैन भी पाए गए, जिस पर टीम ने संबंधित अभिलेखों की पड़ताल की।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद और हर्षिता सिंह के नेतृत्व में जाखन और राजपुर रोड क्षेत्र की शराब की दुकानों की जांच की गई। यहां भी कई तरह की अनियमितताएं सामने आईं।
टीम को कुछ दुकानों पर स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं मिला। इसके साथ ही रेट लिस्ट और आबकारी विभाग का शिकायत नंबर भी प्रदर्शित नहीं किया गया था। कुछ दुकानों पर अनाधिकृत सेल्समैन भी मिले।
देर रात चले इस अभियान के दौरान प्रशासनिक टीमों ने दुकानों पर शराब के स्टॉक, बिक्री अभिलेख, बैच नंबर, निर्धारित बिक्री दर, रेट लिस्ट, सेल्समैन की वैधता और शिकायत संबंधी जानकारी समेत कई बिंदुओं की जांच की। जहां भी नियमों के उल्लंघन की स्थिति मिली, वहां संबंधित अभिलेखों और व्यवस्था को लेकर जानकारी जुटाई गई।
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग अथवा अन्य अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा। आने वाले दिनों में भी अलग-अलग क्षेत्रों में औचक निरीक्षण और चेकिंग अभियान जारी रहेगा। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद शराब दुकानदारों में नियमों को लेकर सतर्कता बढ़ने की उम्मीद है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



