पत्रकार वार्ता में बोले आईजी, दिये जा चुके हैं दिशा-निर्देश
समाचार सच, हल्द्वानी। पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र अजय रौतेला ने कानून व्यवस्था का सख्ती से पालन व अपराधियों पर नकेल अपनी पहली प्राथमिकता में शामिल बताया। वह कार्यभार ग्रहण करने के बाद पहली बार हल्द्वानी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून हाथ में लेने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। इसके लिए अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों पर पैनी नजर रखने के साथ ही जिला बदर लोगों पर भी पैनी नजर रखने के लिए कहा गया है। कर्तव्यनिष्ठा में कोताही बरतने वालों पर भी नियमानुसार विभागीय कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
आईजी अजय रौतेला ने कहा कि परिक्षेत्र में कानून व्यवस्था को और चुस्त-दुरूस्त किया जाएगा। हर किसी को कानून के दायरे में रहकर कार्य करना होगा। अपराधी छोटा हो या फिर बड़ा उससे कानून के तहत सख्ती से निपटा जाएगा। कोरोना संक्रमण काल में सरकार की गाइड लाइन का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। आईजी ने कहा कि जिन मामलों से अभी तक पर्दा नहीं उठ पाया है, उनका भी खुलासा किया जाएगा। ब्लाइंड मिस्ट्रीज के खुलासे को लेकर पुलिस पूरी तन्मयता से काम कर रही है और जल्द ही परिणाम जनता के सामने होगा। एक सवाल के जवाब में आईजी ने कहा कि कुमाऊं की शांत वादियों को अपराधियों की शरणस्थली व ऐशगाह कतई नहीं बनने दिया जाएगा।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



