ड्यूटी निभाते-निभाते चली गई जिंदगीः चमोली में अस्पताल की दीवार गिरने से पीएचसी प्रभारी डॉक्टर की दर्दनाक मौत

खबर शेयर करें

समाचार सच, चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले से स्वास्थ्य विभाग को झकझोर देने वाली बेहद दुखद खबर सामने आई है। मरीजों की सेवा में हमेशा अग्रणी रहने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) नारायणबगड़ के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन डिमरी का शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में निधन हो गया। अस्पताल परिसर में सुरक्षा दीवार का निरीक्षण करते समय अचानक दीवार भरभराकर उन पर गिर गई। गंभीर रूप से घायल डॉक्टर को हायर सेंटर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने अंतिम सांस ले ली।

जानकारी के अनुसार, अस्पताल परिसर के पीछे स्थित आवासीय भवन के पास सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त थी। डॉ. नवीन डिमरी उसकी स्थिति का जायजा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक दीवार ढह गई और वह मलबे की चपेट में आ गए। हादसे के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तत्काल उन्हें बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया और 108 एंबुलेंस से हायर सेंटर के लिए रवाना किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण रास्ते में ही उनका निधन हो गया।

यह भी पढ़ें -   17 जुलाई तक नहीं मिलेगी राहत! उत्तराखंड में 7 दिन भारी बारिश का अलर्ट, इन जिलों पर सबसे बड़ा खतरा

डॉ. नवीन डिमरी लंबे समय से पीएचसी नारायणबगड़ में सेवाएं दे रहे थे। उनकी पहचान एक ऐसे चिकित्सक के रूप में थी, जो हर परिस्थिति में मरीजों के इलाज को प्राथमिकता देते थे। उनका सहज व्यवहार, विनम्र स्वभाव और जनसेवा के प्रति समर्पण उन्हें क्षेत्र के लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय बनाता था।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने कहा कि डॉ. डिमरी ने हमेशा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी निष्ठा से काम किया। उनके निधन से चमोली ने एक संवेदनशील, कर्मठ और जनहित के प्रति समर्पित डॉक्टर खो दिया है।

स्थानीय युवक संजय कंडारी, भाजपा नेता कमलेश सती और जिला पंचायत सदस्य सुरेंद्र कनेरी समेत अनेक लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. डिमरी का जाना पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि वे हमेशा मरीजों की सेवा के लिए तत्पर रहते थे और हर व्यक्ति के साथ आत्मीय व्यवहार करते थे।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में युवाओं के लिए सुनहरा मौका, होमस्टे मैनेजर बनकर रोजगार और स्वरोजगार का मिलेगा रास्ता

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. गुप्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षतिग्रस्त दीवार गिरने से डॉ. नवीन डिमरी गंभीर रूप से घायल हुए थे। उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया। उन्होंने कहा कि यह स्वास्थ्य विभाग के लिए अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति है।

डॉ. नवीन डिमरी के असामयिक निधन से स्वास्थ्य विभाग, उनके सहयोगियों और क्षेत्रवासियों में गहरा शोक व्याप्त है। लोग उन्हें एक ऐसे चिकित्सक के रूप में याद कर रहे हैं, जिन्होंने अपने जीवन का हर पल जनसेवा के लिए समर्पित किया।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440