समाचार सच, चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चंपावत दौरे के दौरान प्रसिद्ध मां वाराही शक्तिपीठ धाम पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर के प्रस्तावित भव्य पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए अधिकारियों और मंदिर समिति को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां वाराही धाम केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। सरकार धाम के विकास को उसकी पौराणिक गरिमा और मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए आगे बढ़ाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाओं के साथ दिव्य आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त हो सके।
सीएम धामी ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में मां वाराही धाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा। उन्होंने कहा कि धाम के विकास से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। जानकारी के अनुसार लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से मंदिर के भव्य पुनर्निर्माण का कार्य चार खाम सात थोक एवं मां वाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट द्वारा अगले दो से तीन वर्षों में पूरा किया जाएगा।
मंदिर निर्माण में राजस्थान के विशेष नक्काशीदार पत्थरों का उपयोग किया जाएगा, जबकि स्थापत्य एवं शिल्प कार्य गुजरात के विशेषज्ञ कारीगरों की देखरेख में संपन्न होगा। सरकार का उद्देश्य मां वाराही धाम को धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से देश-दुनिया में नई पहचान दिलाना है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



