समाचार सच, हल्द्वानी। शहर के व्यस्त मीरा मार्ग बाजार स्थित एक जूते के शोरूम में मंगलवार रात अचानक भीषण आग लग गई। आग की घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक शोरूम पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रभारी हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी के पुत्र सुमेर सिद्दीकी का मीरा मार्ग स्थित ‘माशा शूज’ नाम से दुमंजिला शोरूम है। मंगलवार रात दुकान बंद कर सभी लोग घर चले गए थे। रात करीब पौने 10 बजे क्षेत्र के एक व्यक्ति ने शोरूम से धुआं निकलता देखा और इसकी सूचना शोरूम स्वामी को दी।
सूचना मिलते ही शोरूम स्वामी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस अधिकारियों के साथ कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास करते हुए करीब डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है कि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। आग से शोरूम में रखा सामान पूरी तरह जल गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
गौरतलब है कि मीरा मार्ग शहर का घनी आबादी वाला और व्यावसायिक क्षेत्र है। आसपास कई दुकानें और आवासीय भवन भी मौजूद हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो यह घटना बड़े हादसे का रूप ले सकती थी।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



