सीएम से मुलाकात के बाद होगी आंदोलन की रूपरेखा तय
समाचार सच, हल्द्वानी। विवाह समारोह व्यापार संघर्ष समिति ने समस्याओं का निदान न होने पर आर-पार के आंदोलन का ऐलान किया है। हालांकि एक बार सीएम से मुलाकात का भी निर्णय लिया गया है। इसके बाद ही आंदोलन की रूपरेखा तय की जायेगी। विवाह समारोह व्यापार संघर्ष समिति ने रविवार को समस्याओं को लेकर यहां महापंचायत की।
मुख्य संयोजक नवीन पांडे सन्नू के नेतृत्व में आयोजित महापंचायत में समस्याओं को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। साथ ही आंदोलन के संबंध में भी चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि पहले चरण में मुख्यमंत्री से वार्ता की जाएगी।
सह संयोजक रूपेंद्र नागर ने कहा कि समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर उनके समाधान की अपील की जाएगी। इस बात पर ध्यान दिया जाएगा कि सीएम स्तर से उन्हें किस प्रकार का आश्वासन मिलता है। सकारात्मक आश्वासन का स्वागत किया जाएगा। साथ ही नकारात्मक आश्वासन मिलने पर व्यापारी प्रदेश भर में उग्र आंदोलन छेड़ देंगे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्षवर्धन पांडे ने कहा कि विवाह समारोह से जुड़े व्यापारियों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों से जूझना पड़ रहा है और समिति लगातार शासन-प्रशासन से निवेदन करती आ रही है कि उन्हें राहत पहुंचाई जाए। महापंचायत में पुलिस के द्वारा इस कोरोना महामारी में आर्थिक रूप से जूझ रही आम जनता पर चालान काटने की कार्रवाई की निंदा करते हुए व्यापारियों ने कहा कि जल्द यदि चालान काटना बंद नहीं किया गया तो पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी उग्र आंदोलन किया जाएगा। आर्थिक रूप से परेशान आम जनमानस की गलती को सुधारने के लिए चालान काटने के बजाय अन्य तरीकों से जागरूक करने के प्रयास करने चाहिए।
महापंचायत में प्रकाश भट्ट, लक्ष्मण सिंह, सुभाष कश्यप, उसान हुसैन, नरेंद्र पाल रूबी, संजू, ललित पांडे, प्रमोद पलडिय़ा, गिरीश हैडिय़ा, नंदू कनार्टक, अक्षत मौर्या, राजू चौहान, योगेश तिवारी, सतीश, राजेश प्रजापति, गणेश भट्ट, हरिओम कश्यप, शिव कुमार, मनोज कपिल, गोपाल गुरूरानी, जगदीश, ललित गुप्ता, अशोक बैण्ड, संजय अग्रवाल, राजेन्द्र, कैलाश भट्ट, ललित काण्डपाल, गौरव गुप्ता, बेचे लाल, आकाश गुप्ता, तसब्बर हुसैन, चन्द्रशेखर, जगदीश जोशी, राम प्रसाद कश्यप, केएस बोरा, नवीन कुमार समेत कई टैन्ट, बैण्ड, लाइट, बैंकटहाल, मिक्की माउस, कैटरिंग कारीगर, फोटोग्राफर से जुड़े व्यापारी मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


