हल्द्वानी में एमबीपीजी कालेज की छात्रा की रहस्यमयी मौत, अंतिम मैसेज ने बढ़ाई जांच की गुत्थी

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। नैनीताल जिले के काठगोदाम क्षेत्र में एक 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध हालात में मौत से सनसनी फैल गई है। मामले में एक चौंकाने वाला पहलू सामने आया है, जिसमें युवती ने अपनी मौत से पहले अपने एक करीबी परिचित को मोबाइल का पासवर्ड भेजा था। इस घटना के बाद पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से खंगाल रही है।

मृतका की पहचान दिव्या आर्या के रूप में हुई है, जो हल्द्वानी के एमबीजी कॉलेज में अंतिम वर्ष की छात्रा थी। वह अपने परिवार के साथ चांदमारी इलाके में रहती थी और चार बहनों में सबसे बड़ी थी। पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनकी मां पर आ गई थी, जो मेहनत-मजदूरी कर घर चला रही हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना वाली रात दिव्या ने सामान्य रूप से परिवार के साथ समय बिताया और भोजन के बाद अपने कमरे में चली गई। इसी दौरान उसने अपने एक दोस्त को व्हाट्सएप पर मोबाइल का पासवर्ड भेजा। इस संदेश के बाद दोस्त को शक हुआ और उसने लगातार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

यह भी पढ़ें -   हल्द्वानी जेल के बाहर खूनी साजिश का शक! बाजपुर से पीछा करते हुए पहुंचे बदमाश, पुलिस ने 3 को दबोचा

करीब 40 बार कॉल करने के बावजूद जब बात नहीं हो पाई तो दोस्त घबराकर उसके घर पहुंचा। वहां पहुंचने पर उसने दिव्या को कमरे में अचेत अवस्था में पाया। परिजन तत्काल उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें -   नेपाल में कुदरत का कहर! 157 मौतें, 750 से ज्यादा लापता… 133 भारतीय भी शामिल, भारत ने भेजी 10 टन राहत सामग्री

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। युवती का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसके कॉल रिकॉर्ड, मैसेज और अन्य डिजिटल जानकारी खंगाली जा रही है। अभी तक मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके। शुरुआती जांच में मोबाइल डेटा को अहम माना जा रहा है, जिससे पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकता है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440