
समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। लामाचौड़ स्थित आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल में दीपावली के उपलक्ष्य में ‘ग्रीन दिवाली-नव्यदीप’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। उत्साह, उमंग और रचनात्मकता से सराबोर इस आयोजन में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। वहीं, उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे गणमान्य लोगों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली। विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नृत्य और संगीत के माध्यम से दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके साथ ही आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्रदर्शनी, मेहंदी आर्ट और नेल आर्ट प्रदर्शनी ने भी खूब सराहना बटोरी। विज्ञान और तकनीक पर आधारित मॉडलों के जरिए विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मक क्षमता का परिचय दिया।

आयोजन का प्रमुख आकर्षण करियर फेयर रहा, जिसमें देश के 16 प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों और अभिभावकों को उच्च शिक्षा के विभिन्न पाठ्यक्रमों, विश्वविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया और भविष्य में उपलब्ध करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी मिली। अभिभावकों को विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर अपने बच्चों की उच्च शिक्षा और करियर से जुड़े सवालों के जवाब प्राप्त करने का अवसर भी मिला।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रभावी ढंग से दिया। ‘ग्रीन दिवाली’ की थीम के तहत विद्यार्थियों को पटाखों से होने वाले प्रदूषण के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही मिट्टी के दीपक जलाने और प्रकृति के संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेंद्र सिंह ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करने का अवसर देते हैं। वहीं, विद्यालय के ट्रस्टी भुवन चंद्र उपाध्याय और सलाहकार डॉ. बीएस भाकुनी ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कुल मिलाकर ‘नव्यदीप’ केवल दीपावली उत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें भारतीय संस्कृति, पर्यावरण जागरूकता, आधुनिक तकनीक, कला और भविष्य के करियर मार्गदर्शन का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए यह आयोजन यादगार बन गया।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



